शादी का झांसा देकर युवती से 3 दिन तक किया दुष्कर्म, फिर गले में गमछा बांधकर पूरे गांव घुमाया

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। बिहार के समस्तीपुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शख्स ने एक किशोरी के साथ शादी का झांसा देकर कथित तौर पर कई बार दुष्कर्म किया। यही नहीं बाद में युवक के परिजनों ने उसको अपमानित किया। उन्होंने किशोरी के गले में गमछा बांधकर उसे पूरे गांव में घुमाया। इस सनसनीखेज घटना की जानकारी जैसे ही पुलिस को हुई तो तुरंत एक्शन लिया गया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तारी की गई है।

पुलिस ने बताया कि बुधवार को मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। हालांकि, आरोपी की मां अभी भी फरार है। घटना 26 अक्टूबर को समस्तीपुर जिले के अंगरघाट थाना क्षेत्र के एक गांव की है। क्षेत्र के महिला थाने की एसएचओ पुष्पलता कुमारी ने कहा, आरोपी विपिन पासवान का काफी समय से लड़की के साथ अफेयर चल रहा था। वह उसे शादी का झांसा देकर अपने घर ले आया और तीन दिन तक उसके साथ दुष्कर्म किया।

पुलिस के मुताबिक, जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने विपिन की इस हरकत पर आपत्ति जताई। हालांकि, विपिन, उसके पिता ननकी पासवान, भाई सुनील पासवान ने अपनी मां के साथ लड़की के चरित्र पर सवाल उठाए। आरोपियों ने उसके गले में गमछा बांधकर पूरे गांव में घुमाया।

एसएचओ पुष्पलता कुमारी ने कहा, ‘बेहद अपमान का सामना करने के बाद, पीड़िता ने पुलिस से संपर्क किया और अपनी आपबीती सुनाई। हमने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, जिनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। विपिन की मां अभी भी फरार है और उसे पकड़ने के लिए तलाश की जा रही है।

Share This Article