कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण द्वारा महिला किसान दिवस आयोजित।

Patna Desk

 

कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी के उचित सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर रोहतास जिले के कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण द्वारा रविवार को महिला किसान दिवस का आयोजन किया गया। जिला कृषि भवन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम का कृषि विभाग की महिला पदाधिकारीयों एवं महिला कृषकों द्वारा संयुक्त रूप से उद्घाटन किया गया। इसके बाद कृषि विभाग के पदाधिकारीयों ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य कर रही महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। महिला किसान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जिला कृषि पदाधिकारी राम कुमार ने कहा कि एक महिला के सशक्त होने से पूरा परिवार सशक्त बनता है। इसलिए कृषि क्षेत्र में महिला किसानों की भागीदारी बढ़ाने के लिए उन्हें और अधिक सम्मानित एवं उत्साहित करने की आवश्यकता है। वहीं कार्यक्रम में शामिल अनुमंडल कृषि पदाधिकारी श्रीमती संभावना ने कृषि भूमि में महिलाओं के मालिकाना स्थिति पर चिंता जताई और कहा की जब कृषि कार्यों में महिलाओं की भूमिका लगभग 50 से 60 प्रतिशत है तो फिर उनका भू स्वामित्व नगण्य क्यों है? सामाजिक तौर पर इसमें बदलाव लाने की सख्त आवश्यकता है। इस दौरान उद्यान विभाग की सहायक निदेशक डा राखी कुमारी ने विभागीय योजनाओं में महिला कृषकों को दिए जा रहे प्राथमिकताओं के बारे में अवगत कराया। जबकि सहायक निदेशक पौधा संरक्षण ने महिला कृषकों का उत्साह वर्धन करते हुए उनकी सफलताओं को गौरवान्वित करने वाला क्षण बताया। अंत में कार्यक्रम का संचालन कर रहे उप परियोजना निदेशक सौरभ कुमार द्वारा बताया गया कि आत्मा संस्थान द्वारा खाद्य प्रसंस्करण एवं कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन हेतु महिलाओं को प्रशिक्षण, परिभ्रमण व खाद्य सुरक्षा समूहों द्वारा लाभान्वित कराया जाता रहा है तथा भविष्य में भी और बेहतर प्रयास किए जाएंगे। मौके पर महिला कृषक शारदा देवी, हेवंती देवी, सरोज देवी, मीना देवी सहित विभिन्न प्रखंडों से 50 से ज्यादा महिला किसान उपस्थित रहीं।

Share This Article