बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 11 जनवरी को अपनी प्रगति यात्रा के तहत दरभंगा का दौरा करेंगे। इस यात्रा के दूसरे चरण में वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे से दरभंगा और आसपास के इलाकों के लिए महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है, जिसमें लगभग 2000 करोड़ रुपये की लागत वाली योजनाओं को लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री यहां चार घंटे 30 मिनट तक रहेंगे और विभिन्न योजनाओं का जायजा लेंगे।मुख्यमंत्री का दौरा प्रमुख रूप से 134 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले दोनार फ्लाईओवर के शिलान्यास के कारण महत्वपूर्ण है। यह फ्लाईओवर दरभंगा शहर में यातायात की समस्या को हल करने में मदद करेगा। इसके निर्माण से न केवल शहरवासियों को राहत मिलेगी, बल्कि आसपास के जिलों जैसे बेनीपुर, बिरौल, सदर अनुमंडल, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और खगड़िया के लोग भी इसका लाभ उठा सकेंगे।
इस परियोजना का शिलान्यास पहले 2014 में हुआ था, लेकिन निर्माण में देरी के कारण इसे अब तक पूरा नहीं किया जा सका था। नगर विधायक संजय सरावगी के प्रयासों से यह अब साकार हो रहा है।मुख्यमंत्री दरभंगा के सिमरी थाना क्षेत्र में 35 करोड़ रुपये की लागत से बने 200 बेड वाले वृहद आश्रय गृह का उद्घाटन भी करेंगे। यहां पर 100 बेड बेसहारा लड़कों और 100 बेड बेसहारा लड़कियों के लिए आरक्षित होंगे। इस आश्रय गृह में बच्चों के लिए भोजन, पानी और आवास की समुचित व्यवस्था की गई है, जो उनके लिए एक बड़ी सहारा साबित होगा।मुख्यमंत्री मिथिला क्षेत्र के तालाबों के सौंदर्यीकरण योजना का शिलान्यास भी करेंगे। वे चन्द्रसार पोखर के पास मत्स्य विपणन किट का वितरण करेंगे और दरभंगा के चार प्रमुख तालाबों—हराही, गंगासागर, दिग्घी और मिर्जा खां तालाब—को जोड़कर एक बड़ी झील बनाने की योजना की शुरुआत करेंगे। इस परियोजना से न केवल जल संसाधनों का पुनर्निर्माण होगा, बल्कि शहर की सुंदरता भी बढ़ेगी।मुख्यमंत्री के दौरे से पहले समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने वृहद आश्रय गृह का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनका कहना है कि यह दौरा विकास योजनाओं को गति देने वाला साबित होगा और क्षेत्र में नई संभावनाओं को जन्म देगा।