UGC के नए नियम पर बढ़ा विवाद, मनोज मुंतशिर ने पीएम मोदी से की कानून वापस लेने की अपील

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: UGC के नए रेगुलेशन को लेकर देशभर में बहस तेज हो गई है। जहां एक ओर इसे सामाजिक न्याय से जोड़कर देखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर इसके विरोध में भी लगातार आवाजें उठ रही हैं। इसी कड़ी में मशहूर गीतकार, कवि और स्क्रीन राइटर मनोज मुंतशिर ने इस मुद्दे पर खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस नियम को वापस लेने की अपील की है।

मनोज मुंतशिर ने 28 जनवरी की सुबह 8:11 बजे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 39 सेकेंड का एक वीडियो साझा किया। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा “आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी से विनम्र निवेदन।” इस वीडियो में उन्होंने UGC के फैसले को देश की एकता के लिए नुकसानदायक बताया।

वीडियो में मनोज मुंतशिर कहते नजर आ रहे हैं कि अगर किसी बगीचे में एक पौधा छोटा रह जाए, तो इसका मतलब यह नहीं कि बाकी पौधों को काट दिया जाए। उन्होंने कहा कि अतीत को पीछे छोड़कर अब 21वीं सदी में जातियों से आगे बढ़ने का समय है। उनके मुताबिक, यह दौर समाज को जोड़ने का है, न कि बांटने का।

उन्होंने प्रधानमंत्री से भावुक अपील करते हुए कहा कि वह देश के 140 करोड़ नागरिकों के लिए पिता समान हैं और किसी एक वर्ग को संतुष्ट करने के लिए दूसरे वर्ग के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। मनोज मुंतशिर ने UGC के इस नियम को “काला कानून” बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की और कहा कि अगर देश में जातियां हावी हो गईं, तो भारत कमजोर पड़ जाएगा।

गौरतलब है कि UGC ने सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों में इक्विटी सेल बनाने का प्रावधान किया है। इस सेल के माध्यम से वे छात्र शिकायत कर सकेंगे, जिनके साथ धर्म, जाति, नस्ल, लिंग, जन्म स्थान या दिव्यांगता के आधार पर भेदभाव हुआ हो। हालांकि, इस व्यवस्था में जनरल कैटेगरी को शामिल नहीं किया गया है, जिसे लेकर विरोध हो रहा है। विरोध करने वालों का कहना है कि इससे उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए जाने की आशंका बढ़ सकती है।

UGC के इस फैसले को लेकर देशभर में प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं और मनोज मुंतशिर का बयान इस बहस को और तेज कर रहा है।

Share This Article