बिहार में आज से इंटरमीडिएट परीक्षा का आगाज, 13 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल, सुरक्षा व्यवस्था सख्त

Puja Srivastav
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क : बिहार बोर्ड की इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा सोमवार से सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो रही है और यह 13 फरवरी तक आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में 13 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है, साथ ही दो चरणों में जांच की जाएगी। राजधानी पटना में कुल 84 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में गड़बड़ी या अवैध रूप से प्रवेश करने पर दो वर्षों तक निष्कासन के साथ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। छात्राओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष मॉडल परीक्षा केंद्र भी स्थापित किए गए हैं।

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से आयोजित इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा सोमवार से सख्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ शुरू की जा रही है, जो 13 फरवरी तक चलेगी। इस परीक्षा में कुल 13 लाख 17 हजार 846 परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचार-मुक्त बनाने के लिए सभी केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम किए गए हैं।

परीक्षार्थियों को दो चरणों की जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जाएगी और वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। प्रत्येक 500 छात्रों पर एक वीडियोग्राफर की तैनाती होगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटो कॉपी की दुकानों और साइबर कैफे को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। पटना जिले में कुल 84 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 73,963 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

परीक्षा केंद्रों के आसपास सुबह से ही पुलिस बल और ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती रहेगी। केंद्र के 200 मीटर के दायरे में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। सभी जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक परीक्षा अवधि के दौरान विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण करते रहेंगे। परीक्षा केंद्रों में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

इंटर परीक्षा के लिए प्रत्येक जिले में चार मॉडल परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पूरे राज्य में ऐसे कुल 152 मॉडल केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां केवल छात्राएं परीक्षा देंगी। इन केंद्रों पर दंडाधिकारी, वीक्षक और सुरक्षाकर्मी सभी महिलाएं होंगी। छात्राओं के स्वागत के लिए फूलों और गुब्बारों की व्यवस्था की गई है तथा प्रवेश द्वार से परिसर तक कारपेट बिछाई जाएगी। साथ ही, इन मॉडल केंद्रों पर हेल्पडेस्क भी स्थापित किए गए हैं।

पटना जिले में बनाए गए चार मॉडल परीक्षा केंद्रों में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बांकीपुर, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय शास्त्रीनगर, कमला नेहरू उच्च माध्यमिक विद्यालय यारपुर और राजकीय बालिका उच्च विद्यालय गर्दनीबाग शामिल हैं।

इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी।

पहली पाली के लिए परीक्षार्थियों का प्रवेश परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले यानी सुबह 8:30 बजे से शुरू होगा और ठीक आधे घंटे पहले, यानी 9 बजे प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। वहीं दूसरी पाली के लिए प्रवेश दोपहर 1 बजे से प्रारंभ होगा तथा परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले यानी 1:30 बजे गेट बंद कर दिए जाएंगे।

परीक्षा शुरू होने से पहले छात्रों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का ‘कूल-ऑफ टाइम’ दिया जाएगा। परीक्षा समिति ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे समय का ध्यान रखते हुए परीक्षा केंद्र पर कम से कम आधा घंटा पहले पहुंचें।

परीक्षा के पहले दिन पहली पाली में जीव विज्ञान और दर्शनशास्त्र विषय की परीक्षा होगी, जिसके लिए 5,02,317 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया है। दूसरी पाली में कला और वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों के लिए अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 55,964 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने स्पष्ट किया कि सभी आवश्यक दिशा-निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं। यदि कोई परीक्षार्थी देर से पहुंचने पर जबरन या अवैध तरीके से परीक्षा केंद्र में प्रवेश करता है, तो उसे दो वर्षों के लिए परीक्षा से वंचित कर दिया जाएगा और उसके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज होगी। ऐसे मामलों में सहयोग करने वाले केंद्राधीक्षक और संबंधित व्यक्तियों पर निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी।

परीक्षार्थियों के लिए जरूरी निर्देश
– एडमिट कार्ड के साथ आधार कार्ड या कोई अन्य पहचान पत्र अवश्य रखें
– दो या तीन नीले/काले बाल पेन साथ रखें
– पानी की बोतल, बैग, पॉलिथीन, पर्स आदि ले जाने की अनुमति नहीं होगी
– परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचकर प्रवेश कर लें
– परीक्षा से आधा घंटा पहले प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे
– जबरन या अवैध प्रवेश करने पर दो वर्ष के लिए निष्कासन होगा
– परीक्षा केंद्र पर दो स्तरों पर तलाशी ली जाएगी
– किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा
– एडमिट कार्ड में त्रुटि होने पर फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ ले जाएं

परीक्षा के दौरान सूचनाओं के आदान-प्रदान और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की गई है, जो रविवार से ही कार्यरत है। यह नियंत्रण कक्ष परीक्षा के अंतिम दिन तक 24 घंटे सक्रिय रहेगा। जरूरत पड़ने पर 0612-2232257 और 0612-2232227 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article