NEWS PR डेस्क : अगर आप पटना में रहते हैं और आपके घर में खराब या पुराने एसी, फ्रिज जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामान बेकार पड़े हैं, तो अब इन्हें बेचकर अच्छी रकम पाई जा सकती है। ई-कचरे के बढ़ते खतरे को कम करने के उद्देश्य से पटना नगर निगम ने ऐसे कबाड़ इलेक्ट्रॉनिक सामान को खरीदने का निर्णय लिया है।
राजधानी पटना में बढ़ते ई-कचरे के खतरे को देखते हुए पटना नगर निगम ने एक विशेष योजना की शुरुआत की है। अब घर में पड़े पुराने लैपटॉप, मोबाइल या खराब एयर कंडीशनर (AC) को कचरे में फेंकने की जरूरत नहीं है। नगर निगम इन इलेक्ट्रॉनिक सामानों को खरीदेगा और इसके बदले नागरिकों को आकर्षक कीमत भी देगा। इस कदम का मकसद ई-कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन करना और पर्यावरण को होने वाले नुकसान को रोकना है।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि अब ई-वेस्ट को सामान्य कचरे में डालने के बजाय अधिकृत माध्यम से इकट्ठा कर री-साइक्लिंग के लिए भेजा जाएगा। इसके लिए एक एजेंसी को टेंडर देकर जिम्मेदारी सौंपी गई है। ध्यान रहे, ई-कचरे में सीसा, पारा और कैडमियम जैसे हानिकारक तत्व मौजूद होते हैं, जो गलत निस्तारण से मिट्टी, पानी और हवा को प्रदूषित कर सकते हैं।
पटना नगर निगम ने अब इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के लिए निश्चित मूल्य सूची जारी कर दी है। अगर आपके पास पुराने कंप्यूटर या लैपटॉप पड़े हैं, तो आप इन्हें बेचकर अच्छी कीमत पा सकते हैं। निगम के अनुसार, पुराने लैपटॉप, टैबलेट और नोटपैड के लिए 150 रुपये प्रति किलो निर्धारित किए गए हैं। वहीं, कम्प्लीट सीपीयू सेट का मूल्य 140 रुपये प्रति किलो है। इसी तरह, सीपीयू बॉक्स के लिए 85 रुपये प्रति किलो, एलईडी मॉनिटर के लिए 35 रुपये प्रति किलो और कीबोर्ड के लिए 20 रुपये प्रति किलो तय किया गया है।