DSP कल्पना वर्मा सस्पेंड: कारोबारी को ‘लव ट्रैप’ में फंसाकर हड़पे ₹2.5 करोड़

डीएसपी कल्पना वर्मा पर कारोबारी दीपक टंडन ने लव ट्रैप में फंसाकर करोड़ों रुपये वसूलने का आरोप लगाया था। इसके साथ ही नक्सल ऑपरेशन से जुड़ी बेहद गोपनीय जानकारियां लीक करने के आरोप भी सामने आए हैं।

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: कई विवादों में घिरीं डीएसपी कल्पना वर्मा को छत्तीसगढ़ सरकार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वह वर्तमान में दंतेवाड़ा में पदस्थ थीं। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर गृह विभाग ने यह सख्त कार्रवाई की है।

डीएसपी कल्पना वर्मा पर कारोबारी दीपक टंडन ने लव ट्रैप में फंसाकर करोड़ों रुपये वसूलने का आरोप लगाया था। इसके साथ ही नक्सल ऑपरेशन से जुड़ी बेहद गोपनीय जानकारियां लीक करने के आरोप भी सामने आए हैं।

शुरुआती जांच में कई गंभीर तथ्य सामने आए:

सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रारंभिक जांच के दौरान फाइनेंशियल अनियमितताएं, दर्ज बयानों में विरोधाभास और मामले से जुड़ी आपत्तिजनक चैट सामने आई हैं। यह आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 का उल्लंघन पाया गया है।

आदेश के मुताबिक, डीएसपी कल्पना वर्मा ने अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग किया और नियमों के विपरीत संपत्ति अर्जित की। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

कारोबारी ने लगाए लव ट्रैप के आरोप:

दरअसल, होटल कारोबारी दीपक टंडन और उनकी पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि डीएसपी कल्पना वर्मा ने कारोबारी को लव ट्रैप में फंसाकर करोड़ों रुपये ऐंठे। इसके अलावा कारोबारी की पत्नी की गाड़ी भी अपने पास रख ली।

शिकायत के समर्थन में चैट सबूत के तौर पर सौंपे गए, जिनमें तलाक और शादी की बातचीत सामने आई थी। यह भी आरोप है कि डीएसपी वर्मा होटल कारोबारी से मिलने होटल आती थीं, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी जांच में शामिल किया गया।

1475 पन्नों की जांच रिपोर्ट:

मामले की जांच एएसपी स्तर के अधिकारी से कराई गई थी। जांच अधिकारी ने पुलिस मुख्यालय को 1475 पन्नों की विस्तृत रिपोर्ट सौंपी, जिसमें सभी तथ्यों और सबूतों को शामिल किया गया। बताया जा रहा है कि इसी रिपोर्ट के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई।

नक्सल ऑपरेशन की जानकारी लीक करने का आरोप:

डीएसपी कल्पना वर्मा पर नक्सल ऑपरेशन से जुड़ी गोपनीय जानकारी कारोबारी दीपक टंडन के साथ साझा करने का भी आरोप है। जांच में इससे संबंधित चैट सामने आई हैं। गृह विभाग ने खुफिया जानकारी लीक करने को गंभीर कदाचार माना है।

ढाई करोड़ की वसूली का आरोप:

बताया जा रहा है कि वर्ष 2021 में कारोबारी और डीएसपी कल्पना वर्मा के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि लव ट्रैप के जरिए वर्मा ने कारोबारी से करीब ढाई करोड़ रुपये वसूले। इसमें दो करोड़ रुपये नकद, एक लग्जरी कार, 12 लाख रुपये के हीरे, पांच लाख रुपये का सोना और अन्य महंगे उपहार शामिल हैं।

कारोबारी का यह भी आरोप है कि बार-बार मांग के बावजूद डीएसपी ने गाड़ी और जेवरात वापस नहीं किए। इसके अलावा भाई के नाम पर होटल खोलने के लिए भी बड़ी रकम ली गई।

फिलहाल डीएसपी कल्पना वर्मा को निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Share This Article