NEWS PR डेस्क : तेज प्रताप यादव के मामले को लेकर चर्चाएं लगातार बढ़ रही हैं। जहां तेज प्रताप यादव लगातार रिश्ते से इनकार कर रहे हैं, वहीं अनुष्का यादव के परिवार में बच्ची के जन्म की खुशी खुले तौर पर दिख रही है। मामले की असली सच्चाई अभी स्पष्ट नहीं हुई है, लेकिन यह चर्चा का मुख्य विषय बन गया है। इसी बीच अनुष्का के बड़े भाई आकाश यादव ने बच्ची का नाम भी साझा कर दिया है।
आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव इन दिनों सुर्खियों में बने हुए हैं। सोशल मीडिया पर चर्चा है कि उनकी कथित गर्लफ्रेंड अनुष्का यादव ने एक बच्ची को जन्म दिया है। हालांकि तेज प्रताप ने इन सभी खबरों को अफवाह करार देते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कहा कि उनका अनुष्का यादव से कोई संबंध नहीं है और पिता बनने की बात भी झूठी है।
वहीं, अनुष्का यादव के बड़े भाई आकाश यादव ने परिवार में खुशी का माहौल होने की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि घर में बेटी के जन्म से सभी बेहद खुश हैं और बच्ची का नाम ‘उज्जैनी’ रखा गया है। एक यूट्यूब चैनल से बातचीत में आकाश ने कहा कि उनके घर ‘लक्ष्मी’ आई है और पूरा परिवार इस नए सदस्य के स्वागत में खुश है। उन्होंने बताया कि उज्जैन की धार्मिक नगरी महाकाल से प्रेरणा लेकर बच्ची का नाम उज्जैनी रखा गया।
सोशल मीडिया पर इस मामले की एक कथित अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें पति के तौर पर तेज प्रताप यादव का नाम दर्ज बताया जा रहा है। आकाश यादव ने कहा कि यह रिपोर्ट पूरी तरह सही या गलत नहीं है, लेकिन इसे वायरल करने वालों के खिलाफ कानूनी कदम उठाया जाएगा। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उनके परिवार और तेज प्रताप यादव के बीच पारिवारिक संबंध हैं।
वहीं तेज प्रताप यादव ने रविवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सभी अफवाहों और दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाई जा रही है। तेज प्रताप ने साफ किया कि जो लोग उनके खिलाफ गलत प्रचार कर रहे हैं, उनके खिलाफ वे कानूनी कार्रवाई करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर इस मामले में वे वरिष्ठ नेताओं से भी मिलेंगे।
असल में तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव का नाम पहली बार पिछले साल मई में सुर्खियों में आया था। उस समय सोशल मीडिया पर दोनों की कुछ तस्वीरें वायरल हुई थीं, जिनमें दावा किया गया कि तेज प्रताप ने अनुष्का से गुपचुप शादी कर ली है। तस्वीरों में अनुष्का को नवविवाहित महिला के रूप में दिखाया गया था। हालांकि, कुछ ही घंटों बाद तेज प्रताप ने इन तस्वीरों और सोशल मीडिया पोस्ट को फर्जी करार दिया। उन्होंने कहा कि उनका अकाउंट हैक हो गया था और AI तकनीक का उपयोग करके तस्वीरों को एडिट कर उन्हें और उनके परिवार को बदनाम करने की कोशिश की गई।
इसके बाद जून महीने में तेज प्रताप यादव अनुष्का यादव से मिलने उनके घर भी पहुंचे। वे वहां करीब सात घंटे रुके। बाहर आते समय मीडिया ने जब सवाल किया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुष्का से उनका पारिवारिक रिश्ता है और इस कारण वे मिलने आए थे, इसमें किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। तेज प्रताप ने यह भी बताया कि वायरल हुई तस्वीर उन्होंने ही सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी, लेकिन उसे गलत तरीके से पेश किया गया।