NEWS PR डेस्क: दरभंगा में हुई जातीय हिंसा के बाद रविवार को चिराग पासवान ने दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी भी मौजूद रहीं।
अस्पताल में भर्ती पीड़ितों से बातचीत के दौरान मंत्री ने एक गंभीर रूप से घायल बच्ची से भी मुलाकात की। बच्ची ने बताया कि कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसका घर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस पर चिराग पासवान ने उसे सांत्वना देते हुए आश्वासन दिया कि पहले उसका समुचित इलाज कराया जाएगा और बाद में उसके घर के पुनर्निर्माण तथा सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने अन्य घायलों को भी पार्टी की ओर से आर्थिक सहायता के रूप में चेक वितरित किए। साथ ही अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि सभी पीड़ितों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
मीडिया से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा कि उन्होंने बिहार सरकार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी से बातचीत कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई प्रशासनिक अधिकारी आरोपियों को बचाने की कोशिश करता पाया गया, तो उसके खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जाति के आधार पर समाज को बांटने की प्रवृत्ति सामाजिक सौहार्द के लिए घातक है। संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है और किसी भी तरह के भेदभाव को स्वीकार नहीं किया जाएगा। चिराग पासवान ने बताया कि हरिनगर की इस घटना के बाद से उनकी पार्टी लगातार पीड़ित परिवारों के संपर्क में है। अनुसूचित जाति आयोग के माध्यम से सरकारी मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया तेज की जा रही है और पार्टी कार्यकर्ता पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रखेंगे।