राज्यसभा चुनाव में एनडीए की क्लीन स्वीप, नीतीश कुमार की जीत पर बेटे निशांत ने ऐसे दी बधाई

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 16 मार्च 2026। बिहार की राजनीति में सोमवार को एक अहम मोड़ देखने को मिला, जब राज्यसभा चुनाव के नतीजों में एनडीए ने सभी पांच सीटों पर जीत दर्ज करते हुए अपनी एकजुटता और रणनीतिक मजबूती का प्रदर्शन किया। इस जीत के साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना तय हो गया है।

नतीजों के बाद राजनीतिक गलियारों में बधाइयों का दौर शुरू हो गया। इसी क्रम में मुख्यमंत्री के बेटे निशांत ने भी अपने पिता को खास अंदाज में बधाई दी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर चार तस्वीरें साझा कीं, जिनमें एक में वे नीतीश कुमार को गुलदस्ता भेंट करते दिख रहे हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में पिता के कंधे पर हाथ रखकर मुस्कुराते नजर आ रहे हैं।

निशांत ने अपने पोस्ट में लिखा, “जय बिहार! आज एनडीए के पांचों उम्मीदवारों की निर्णायक जीत पर मैंने पिताजी को बधाई दी। उन्होंने हर बिहारवासी को गौरवान्वित किया है। एक पुत्र के रूप में मैं खुद को गर्व महसूस कर रहा हूं।”

वहीं, जेडीयू ने भी इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए इसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और एनडीए की मजबूत रणनीति का परिणाम बताया। पार्टी की ओर से कहा गया कि पांचों सीटों पर जीत बिहार में विकास, स्थिरता और राजनीतिक एकजुटता का प्रतीक है।

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, यह परिणाम न केवल एनडीए की संगठनात्मक ताकत को दर्शाता है, बल्कि आने वाले समय में बिहार की राजनीति में इसके व्यापक असर भी देखने को मिल सकते हैं।

Share This Article