NEWS PR डेस्क: पटना/नालंदा, 31 मार्च। बिहार के नालंदा जिले में स्थित शीतला देवी मंदिर में हुए भगदड़ हादसे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दर्दनाक घटना में श्रद्धालुओं की मौत पर उन्होंने संवेदना प्रकट करते हुए पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के आश्रितों को कुल 6 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया गया है। इसमें आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से 4 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और वे शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के समुचित और बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
सरकार की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि हादसे में घायल हुए लोगों के इलाज की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन उठाएगा। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
आपको बता दें कि इस हादसे में अबतक 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग जख्मी हो गए हैं. उन्हें इलाज के लिए मॉडल अस्पताल बिहार शरीफ भेजा गया है. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए हैं।
गौरतलब है कि बिहारशरीफ के पास स्थित इस मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे, इसी दौरान भगदड़ मचने से यह हादसा हुआ। प्रशासन अब पूरे मामले की जांच में जुटा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।