बिहार में बनेगी महागठबंधन की सरकार ! राजद ने नीतीश कुमार को दिया बड़ा ऑफर

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर बड़ा बयान देते हुए उन्हें महागठबंधन का समर्थन देने की पेशकश की है, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 08 अप्रैल। बिहार की सियासत में एक नया मोड़ आता दिख रहा है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर बड़ा बयान देते हुए उन्हें महागठबंधन का समर्थन देने की पेशकश की है, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

आरजेडी के प्रधान महासचिव और विधायक रणविजय साहू ने बुधवार को एक निजी न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि अगर नीतीश पद पर बने रहते हैं तो महागठबंधन उन्हें पूर्ण समर्थन देगा और बहुमत की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।

रणविजय साहू ने आरोप लगाया कि एनडीए को मिली जीत में नीतीश कुमार की अहम भूमिका रही है, लेकिन अब भाजपा उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजकर उनकी सक्रिय राजनीति को कमजोर करने की रणनीति बनाई जा रही है।

आरजेडी नेता ने आगे कहा कि बिहार में “सांप्रदायिक ताकतों” को सत्ता में आने से रोकने के लिए महागठबंधन एकजुट है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता का समर्थन अब भी नीतीश कुमार के साथ है और ऐसे में उन्हें मुख्यमंत्री पद पर बने रहना चाहिए।

यह बयान ऐसे समय में आया है जब नीतीश कुमार दिल्ली जाने वाले हैं, जहां 10 अप्रैल को उनके राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने की संभावना है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि दिल्ली से लौटने के बाद वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं, जिसके बाद राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी।

इस बीच, भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद के लिए नए चेहरे की संभावनाओं पर भी चर्चा चल रही है। ऐसे में आरजेडी की ओर से आया यह प्रस्ताव बिहार की राजनीति को नई दिशा दे सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में नीतीश कुमार का फैसला राज्य की राजनीतिक तस्वीर को पूरी तरह बदल सकता है। फिलहाल, इस बयान के बाद बिहार का सियासी तापमान और बढ़ गया है।

Share This Article