बिहार में गन्ना किसानों को बड़ी राहत: 96% भुगतान पूरा, शेष राशि जल्द जारी

Big relief for sugarcane farmers in Bihar

Neha Nanhe

बिहार के गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। गन्ना उद्योग विभाग के निर्देश पर राज्य की चीनी मिलों ने किसानों से खरीदे गए गन्ने के मूल्य का करीब 96 फीसदी भुगतान कर दिया है। शेष बकाया राशि के भुगतान की प्रक्रिया तेजी से जारी है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, पेराई सत्र 2025-26 के दौरान 9 अप्रैल 2026 तक राज्य की 10 चीनी मिलों ने किसानों से कुल 572.66 लाख क्विंटल गन्ना की खरीद की। इसके बदले किसानों को 2137.83 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाना था। अब तक मिलों द्वारा 2054.01 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जो कुल देय राशि का लगभग 96 प्रतिशत है।
विभाग की सख्ती और निगरानी
गन्ना उद्योग विभाग ने पेराई सत्र की शुरुआत के साथ ही सभी चीनी मिल संचालकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए थे। विभाग द्वारा लगातार भुगतान प्रक्रिया की निगरानी की जा रही थी, जिससे किसानों को समय पर उनका हक मिल सके।
ईख आयुक्त का बयान
ईख आयुक्त ने बताया कि विभाग द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की गई और चीनी मिलों ने भी तत्परता दिखाते हुए भुगतान प्रक्रिया को प्राथमिकता दी। यही वजह है कि अब तक 96 फीसदी भुगतान संभव हो पाया है। शेष राशि के भुगतान की कार्रवाई जारी है और जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।

Share This Article