बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्ती के बीच राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आई है। बुधवार सुबह बेउर थाना क्षेत्र के सिपारा स्थित कृषि फार्म में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान ज्वेलरी शॉप लूटकांड के मास्टरमाइंड दिलीप को गोली लग गई, जिसे इलाज के लिए PMCH में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुआ एनकाउंटर?
पुलिस के मुताबिक, 19 अप्रैल को रामकृष्ण नगर इलाके में ज्वेलरी शॉप में हुई डकैती के मामले में दिलीप को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उसने सिपारा कृषि फार्म में हथियार छिपाने की जानकारी दी। जब पुलिस टीम दिलीप को साथ लेकर मौके पर पहुंची, तो उसने अचानक छिपाए गए देसी कट्टे से सब-इंस्पेक्टर हेमंत झा पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दिलीप के पैर में गोली लग गई।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है
बता दें कि घायल आरोपी को इलाज के लिए PMCH पटना में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और डकैती कांड से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही इलाके में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। बतादें कि इस कांड के मास्टरमाइंड दिलीप को पुलिस ने मंगलवार शाम गिरफ्तार किया था।
पूरी घटना को दिलीप नाम के व्यक्ति ने अंजाम दिया
पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया, ज्वेलरी लूटपाट की जांच के दौरान कुछ लोगों की पहचान की गई। पहचान के आधार पर उदित नाम के एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए गिरफ्तार किया गया। उसने बताया कि पूरी घटना को दिलीप नाम के व्यक्ति ने अंजाम दिया है। वहीं दिलीप को अरेस्ट करके पूछताछ हुई तो उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि राम कृष्ण नगर इलाके में डकैती की वारदात को अंजाम देने के बाद कृषि फार्म हाउस के पीछे गहने का बंटवारा आपस में किया था। हथियार भी यहीं पर छिपा दिया था। भविष्य में भी इन लोगों की इस तरीके की वारदात को अंजाम देने की प्लानिंग थी।
दिलीप ने सब इंस्पेक्टर हेमंत झा के ऊपर फायरिंग की
इसके बाद निशानदेही पर हथियार की रिकवरी के लिए कृषि फार्म हाउस लाया गया। जहां छिपाए गए कट्टा से दिलीप ने सब इंस्पेक्टर हेमंत झा के ऊपर फायरिंग की। अपनी रक्षा में सब इंस्पेक्टर हेमंत झा ने भी फायरिंग की। इस दौरान दिलीप के पैर में गोली लगी। फिलहाल इलाज के लिए भेज दिया गया है। मौके से डकैती की वारदात में शामिल बाइक और हथियार बरामद किए गए हैं। इधर, बेटे को गोली लगने की खबर मिलते ही दिलीप की मां नंगे पैर मौके पर पहुंची, वो अपने बेटे को निर्दोष बता रही है। उनका कहना है कि बेटे को फंसाया जा रहा है।
बदमाश 5 से 6 मिनट के भीतर लूटपाट कर फरार हो गए
जानकारी के लिए बता दें कि पटना के फुलवारी शरीफ स्थित अलंकार ज्वेलर्स में रविवार दोपहर करीब 20 लाख रुपए की लूट हुई थी। बताया जा रहा है कि बाइक सवार 5 बदमाश श्रीलक्ष्मी अलंकार ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंचे थे। सभी अपराधी हेलमेट पहने हुए थे।अपराधियों ने बंदूक दिखाकर दुकानदार और कस्टमर को बंधक बना लिया था। विरोध करने पर दुकान मालिक के साथ मारपीट भी की थी। इसके बाद बदमाश 5 से 6 मिनट के भीतर लूटपाट कर फरार हो गए। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया था।
पटना में मुठभेड़, पुलिस की गोली से घायल हुआ 20 लाख लूटकांड का आरोपी
Firing during the recovery of weapons; the main accused in the robbery case was injured in police retaliation