सासाराम के निजी अस्पताल में नवजात की मौत, प्रशासन ने की छापेमारी

Shock after death of newborn - Administration takes strict action against hospital in Sasaram

Rashmi Tiwari

सासाराम / रोहतास:जिले से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां प्रसव के बाद एक नवजात की मौत ने निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के लालगंज नहर स्थित समर्पण हॉस्पिटल में इस घटना के बाद प्रशासनिक हलचल तेज हो गई।
प्रसव के बाद नवजात की मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीएसटी विभाग में कार्यरत महिला अधिकारी ज्योति कुमारी को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के कुछ ही समय बाद नवजात की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही और इलाज में कोताही बरतने का गंभीर आरोप लगाया है।
एसडीएम का छापा, अस्पताल में हड़कंप
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी ने भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल में छापेमारी की। इस दौरान उनके साथ सदर डीएसपी-2 कुमार वैभव भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अस्पताल के दस्तावेजों, मेडिकल सुविधाओं और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की गहन जांच की। अचानक हुई इस कार्रवाई से अस्पताल कर्मियों में अफरातफरी का माहौल बन गया।
जांच जारी, सख्त कार्रवाई के संकेत
डीएसपी कुमार वैभव ने बताया कि नवजात की मौत के कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है। यदि अस्पताल प्रबंधन की ओर से किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर अस्पताल का लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में निजी अस्पतालों की कार्यशैली को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोग स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।
(रिपोर्ट: दिवाकर तिवारी, रोहतास)

Share This Article