भागलपुर। सुंदरवती महिला महाविद्यालय में गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की दो दिवसीय “कलम बंद” हड़ताल के कारण विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों का प्रशासनिक कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है। यह आंदोलन बिहार राज्य विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर 15 सूत्रीय मांगों को लेकर किया जा रहा है।

आंदोलन के तहत कर्मचारियों ने महाविद्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन और धरना दिया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे क्षेत्रीय मंत्री सुशील मंडल ने कहा कि यह लड़ाई कर्मचारियों के सम्मान और अधिकारों की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन लगातार कर्मचारियों की जायज मांगों की अनदेखी कर रहा है।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों को लागू करना, वेतन कटौती की वापसी, तृतीय एवं चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों की प्रोन्नति, तथा एसीपी-एमएसीपी का लाभ मार्च 2026 के वेतन के साथ सुनिश्चित करना शामिल है। इसके अलावा नए कॉलेजों में पुराने कॉलेजों से कर्मचारियों के स्थानांतरण का भी विरोध किया जा रहा है। महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो 20 तारीख को बीएन कॉलेज से विश्वविद्यालय मुख्यालय तक विशाल महा-जुलूस निकाला जाएगा।
रिपोर्ट: श्यामानंद सिंह, भागलपुर