NEWS PR डेस्क: पटना, 23 मई 2026: बिहार अब सिर्फ श्रमिक शक्ति देने वाला राज्य नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले समय में देश का बड़ा टेक्नोलॉजी और इनोवेशन हब बनेगा। यह बात सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित दो दिवसीय ‘बिहार एआई समिट-2026’ के उद्घाटन के दौरान कही।
मंत्री ने कहा कि बिहार तेजी से तकनीक आधारित प्रशासन, डिजिटल गवर्नेंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले वर्षों में बिहार देश के प्रमुख एआई और डिजिटल विकास केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।
“बिहार केवल वर्कफोर्स नहीं, टेक्नोलॉजी लीडर बनेगा”
नीतीश मिश्रा ने कहा कि बिहार अब केवल मानव संसाधन उपलब्ध कराने वाला राज्य नहीं है, बल्कि नवाचार, स्टार्टअप और तकनीकी नेतृत्व के नए मॉडल के रूप में उभर रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पहुंच गांव-गांव और हर युवा तक हो।
उन्होंने देश और विदेश में रह रहे बिहार मूल के लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे बिहार लौटकर राज्य के विकास, निवेश, नवाचार और नई तकनीकी संभावनाओं को आगे बढ़ाने में भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि बिहार में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और अब राज्य में तकनीकी क्षेत्र के लिए अनुकूल माहौल भी तैयार किया जा रहा है।
समिट में 100 से ज्यादा कंपनियां और 50 विशेषज्ञ शामिल
दो दिवसीय बिहार एआई समिट-2026 में देशभर से नीति निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, एआई विशेषज्ञ, स्टार्टअप्स, शिक्षाविद और तकनीकी पेशेवर हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम में 100 से अधिक कंपनियों की भागीदारी, 50 से अधिक विशेषज्ञ वक्ताओं के सत्र और 60 से ज्यादा तकनीकी स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
समिट में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, शहरी विकास, साइबर सुरक्षा, एमएसएमई, स्टार्टअप इकोसिस्टम और डिजिटल प्रशासन जैसे क्षेत्रों में एआई की संभावनाओं पर चर्चा की जा रही है।
बिहार IT नीति और GCC नीति पर सरकार का जोर
मंत्री ने कहा कि बिहार में आधारभूत संरचना, कनेक्टिविटी और डिजिटल परिवर्तन के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। इसी दिशा में बिहार आईटी नीति-2024 और बिहार जीसीसी नीति-2026 लागू की गई है, ताकि राज्य को आईटी निवेश और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर के नए गंतव्य के रूप में विकसित किया जा सके। उन्होंने कहा कि इन नीतियों से बिहार में उच्च गुणवत्ता वाली तकनीकी नौकरियां पैदा होंगी, स्टार्टअप्स को बढ़ावा मिलेगा और बड़े निवेश आकर्षित होंगे।
निवेशकों को दिया बिहार आने का न्योता
नीतीश मिश्रा ने उद्योग जगत और निवेशकों से बिहार में निवेश करने की अपील करते हुए कहा कि राज्य के पास प्रतिभाशाली युवा शक्ति, तेजी से विकसित हो रहा इंफ्रास्ट्रक्चर, मजबूत प्रशासनिक इच्छाशक्ति और बड़ा बाजार मौजूद है। उन्होंने कहा कि यही ताकत बिहार को भविष्य का प्रमुख टेक्नोलॉजी डेस्टिनेशन बनाने में मदद करेगी।