दिशा बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, अवैध खनन और सड़क सुरक्षा पर हुई अहम चर्चा

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: किशनगंज जिला परिषद स्थित मेची सभागार में शनिवार को जिला परामर्श समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता किशनगंज सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने की। इस दौरान जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में केंद्र और बिहार सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक की शुरुआत सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद, जिला पदाधिकारी विशाल राज, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा सहित अन्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद सभी विभागों के कार्यों और योजनाओं की प्रगति की क्रमवार समीक्षा की गई।

बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क निर्माण, बिजली, पेयजल, ग्रामीण विकास, प्रधानमंत्री आवास योजना और मनरेगा जैसी योजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान किशनगंज विधायक कमरुल होदा ने जिले में बढ़ रहे अवैध खनन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने प्रशासन से अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई।

सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद आजाद ने अधिकारियों से कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधूरी योजनाओं को जल्द पूरा करने और विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।

वहीं जिला पदाधिकारी विशाल राज ने सभी अधूरे एवं अर्धनिर्मित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराने का आश्वासन दिया। बैठक में जिले के सभी विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share This Article