NEWS PR डेस्क: पटना, 29 मई। बिहार की राजनीति में लंबे समय से चर्चाओं का केंद्र रहा 10 सर्कुलर रोड एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का सरकारी आवास रहा यह प्रतिष्ठित बंगला अब राज्य सरकार के मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया गया है। भवन निर्माण विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी करते हुए राबड़ी देवी को आवास खाली करने का नोटिस भी दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, बिहार सरकार में डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नंदकिशोर राम को पटना स्थित 10, सर्कुलर रोड आवास आवंटित किया गया है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को नया सरकारी आवास 39, हार्डिंग रोड में दिया गया है।

भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि सक्षम प्राधिकार की स्वीकृति मिलने के बाद यह आवंटन किया गया है। विभाग ने पूर्व आदेश को निरस्त करते हुए नए सिरे से आवास आवंटन की अधिसूचना जारी की है। आदेश पर संयुक्त सचिव-सह-भू-संपदा पदाधिकारी के हस्ताक्षर भी हैं।
राजधानी पटना का 10 सर्कुलर रोड बीते करीब दो दशकों से बिहार की राजनीति का बेहद चर्चित पता रहा है। यह आवास लंबे समय तक राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र माना जाता रहा है। कई महत्वपूर्ण राजनीतिक बैठकों और रणनीतियों का गवाह रहा यह बंगला अब नए मंत्री को आवंटित किए जाने के बाद फिर राजनीतिक चर्चाओं में आ गया है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बिहार की राजनीति में सरकारी आवासों का भी विशेष महत्व रहा है। खासकर सर्कुलर रोड स्थित बंगले हमेशा सत्ता और राजनीतिक प्रभाव के प्रतीक माने जाते रहे हैं।
भवन निर्माण विभाग ने इस आदेश की प्रति मुख्यमंत्री सचिवालय, मंत्रिमंडल सचिवालय, संबंधित विभागों और इंजीनियरिंग शाखा को भी भेज दी है, ताकि आवास हस्तांतरण और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाएं समय पर पूरी की जा सकें।
हालांकि सरकार की ओर से इसे सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया बताया जा रहा है, लेकिन बिहार के राजनीतिक गलियारों में 10 सर्कुलर रोड के नए आवंटन को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।