02 जून को लगेगा ‘सहयोग शिविर’, 36 पंचायतों में ऑन-द-स्पॉट सुनी जाएंगी जन समस्याएं

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 29 मई। आम लोगों की शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए दरभंगा जिला प्रशासन 02 जून को जिले के 36 पंचायतों में “सहयोग शिविर” आयोजित करने जा रहा है। जिला प्रशासन ने शिविर को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में 02 जून 2026 को जिले के विभिन्न प्रखंडों की 36 पंचायतों में पूर्वाह्न 9 बजे से शिविर लगाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय सीमा में शिकायतों का समाधान नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

उन्होंने बताया कि सभी शिविर स्थलों पर विभिन्न विभागों के कुल 16 काउंटर बनाए गए हैं। अंतिम काउंटर पर दक्ष लिपिकों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो उन लोगों की मदद करेंगे जो स्वयं आवेदन लिखने में सक्षम नहीं हैं। शिविर में आने वाले लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि सहयोग शिविर स्थल पर ही आवेदनों की ऑनलाइन एंट्री “सहयोग पोर्टल” पर की जाएगी और आवेदकों को उसकी पावती भी तुरंत उपलब्ध कराई जाएगी। लोग चाहें तो sahyog.bihar.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन भी दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1100 पर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।

दरभंगा सदर प्रखंड के शिशो पश्चिमी और शाहबाजपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में अपर समाहर्ता (लो.शि.नि.) राजेश गुप्ता की अध्यक्षता और नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी की उपस्थिति रहेगी।

जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचलाधिकारियों को शिविर को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे 02 जून को अपने संबंधित पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article