NEWS PR डेस्क: गया, 31 मई। महान समाजसेवी, धर्मपरायण एवं लोककल्याणकारी शासिका राजमाता अहिल्याबाई होलकर की जयंती के अवसर पर गया के विष्णुपद मंदिर परिसर में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने राजमाता अहिल्याबाई होलकर को भारतीय इतिहास की महान विभूतियों में से एक बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने शासनकाल में जनकल्याण, धर्म, संस्कृति और सामाजिक समरसता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होलकर ने देशभर में अनेक मंदिरों, धर्मशालाओं, घाटों और तीर्थस्थलों का निर्माण एवं जीर्णोद्धार कराया।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि काशी विश्वनाथ मंदिर, विष्णुपद मंदिर और केदारनाथ सहित कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास में उनका अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण और धार्मिक जागरूकता के क्षेत्र में जो कार्य किए, वे आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि राजमाता ने अपना संपूर्ण जीवन जनता की सेवा और देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए समर्पित कर दिया था। उनकी दूरदर्शिता, न्यायप्रियता और जनसेवा की भावना के कारण उन्हें भारतीय इतिहास की सर्वश्रेष्ठ शासिकाओं में गिना जाता है।

डॉ. मिश्रा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि राजमाता अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सेवा के लिए आगे आने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा स्थापित मानवीय मूल्यों और सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद, अधिवक्ता संतोष ठाकुर सहित अन्य नेताओं ने भी राजमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा और चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष दीपक पांडे, गोपाल प्रसाद यादव, हीरा यादव, अभिषेक कुमार राणा, रणजीत सिंह, कमल बारिक, प्रेमनाथ टैया, सुनील रविदास, दीपक कुमार, ऋषिकेश गुड़ा सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।