गया नगर निगम में स्टैंडिंग कमेटी सदस्यों का भव्य अभिनंदन, मोहन श्रीवास्तव ने विकास की नई योजनाओं का किया ऐलान

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क गया जी, 31 मई। गया नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी) के नवनिर्वाचित सदस्यों के सम्मान में निगम कार्यालय परिसर में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। चुनाव में जीत के बाद पहली बार निगम कार्यालय पहुंचे नवनिर्वाचित सदस्यों का ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा, फूल-मालाओं और अंगवस्त्र भेंट कर जोरदार स्वागत किया गया। समारोह के दौरान पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में पूर्व डिप्टी मेयर एवं नवनिर्वाचित स्टैंडिंग कमेटी सदस्य अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, मनोज कुमार, विनोद यादव, चुन्नू खान, तब्सुम परवीन, सारिका वर्मा और उपेंद्र कुमार का अभिनंदन किया गया। मेयर गणेश पासवान और डिप्टी मेयर चिंता देवी ने सभी सदस्यों को सम्मानित करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में बड़ी संख्या में पार्षद, निगम कर्मी, सामाजिक कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। नवनिर्वाचित सदस्यों के स्वागत में समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

इस अवसर पर संबोधित करते हुए मोहन श्रीवास्तव ने पार्षदों और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता और पार्षदों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले छह महीनों में गया शहर में विकास की नई तस्वीर दिखाई देगी।

मोहन श्रीवास्तव ने शहर में बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए गांधी मैदान में आधुनिक स्मोक टावर लगाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन टावरों के माध्यम से वायु गुणवत्ता में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।

उन्होंने बताया कि नगर निगम सफाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आधुनिक स्वीपिंग मशीनों का उपयोग बढ़ाएगा। प्रमुख सड़कों और बाजार क्षेत्रों की नियमित मशीनों से सफाई कराई जाएगी, जिससे धूल और गंदगी की समस्या में कमी आएगी।

शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में पुस्तकालय भवन का निर्माण कराया जाएगा। इन पुस्तकालयों में स्कूली छात्रों से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि नगर निगम केवल सड़क, नाली और सफाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिक्षा, सामाजिक विकास और युवाओं के भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में भी काम करेगा।

प्रकाश व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। प्रत्येक वार्ड में एक गली को मॉडल गली के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां बेहतर सड़क, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था होगी। इसके अलावा पूरे शहर में स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट लाइट और तिरंगा लाइटों का विस्तार किया जाएगा।

मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि नई स्टैंडिंग कमेटी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करेगी तथा शहर की सफाई, जलनिकासी, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों को प्राथमिकता देगी।

समारोह के अंत में सभी नवनिर्वाचित सदस्यों ने शहर के विकास, स्वच्छता और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पार्षद डिम्पल कुमार, अंजली कुमारी, दीपक चंद्रवंशी, अनुपमा कुमारी, सोनू शर्मा, शशि किशोर उर्फ शिशु, खतीब अहमद, साकेत सिंह उर्फ भगत सिंह, समाजसेवी राखी अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article