चार-चार सरकारी बंगले, फिर भी 10 सर्कुलर रोड नहीं छोड़ना चाहता लालू परिवार, क्या है वजह?

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड को लेकर सियासी और प्रशासनिक चर्चा तेज हो गई है। करीब दो दशक से इस बंगले में रह रहे लालू प्रसाद यादव परिवार के लिए यह आवास केवल एक सरकारी मकान नहीं, बल्कि कई राजनीतिक और पारिवारिक यादों का केंद्र रहा है। हालांकि सरकारी नियमों के तहत आवास परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद राबड़ी देवी अब तक नए आवास में शिफ्ट नहीं हुई हैं।

जानकारी के अनुसार राबड़ी देवी को नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधान परिषद के नाते 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया गया है। प्रशासन चाहता है कि वे 10 सर्कुलर रोड का बंगला खाली कर नए आवास में चली जाएं, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हो पाया है।

दरअसल, लालू परिवार के पास वर्तमान में 4 सरकारी आवास उपलब्ध हैं। इनमें 39 हार्डिंग रोड का बंगला राबड़ी देवी को आवंटित है, जबकि 1 पोलो रोड स्थित आवास विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में तेजस्वी यादव को मिला हुआ है। यह आवास उनके राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र माना जाता है।

वहीं 49 हार्डिंग रोड स्थित बंगले में तेज प्रताप यादव रह रहे हैं। यह आवास उन्हें हसनपुर विधायक रहने के दौरान आवंटित किया गया था। हालांकि वर्तमान में वे किसी निर्वाचित पद पर नहीं हैं, फिर भी यह आवास अभी तक उनके पास बना हुआ है। इसके अलावा नई दिल्ली के पंडारा पार्क क्षेत्र में भी सांसद के रूप में मीसा भारती को सरकारी आवास आवंटित है।

राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं कि आखिर राबड़ी देवी 10 सर्कुलर Road छोड़ने के लिए तैयार क्यों नहीं हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इसके पीछे भावनात्मक जुड़ाव एक बड़ा कारण हो सकता है। इसी आवास में लालू परिवार के कई महत्वपूर्ण राजनीतिक और पारिवारिक पड़ाव जुड़े रहे हैं। तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव का बचपन यहीं बीता तथा परिवार के कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम भी इसी परिसर में आयोजित हुए।

दूसरी ओर विपक्षी राजनीति के जानकारों का मानना है कि यह मुद्दा राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण बन चुका है। राजद इसे राजनीतिक प्रतिशोध के रूप में पेश कर सरकार को घेरने की कोशिश कर सकता है। पार्टी का तर्क हो सकता है कि लंबे समय से आवास में रह रहे परिवार को अनावश्यक दबाव में लाया जा रहा है।

फिलहाल 10 सर्कुलर रोड बंगले का मामला राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बना हुआ है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि राबड़ी देवी नए आवास में शिफ्ट होती हैं या यह मुद्दा आगे भी सियासी बहस का हिस्सा बना रहता है।

Share This Article