पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का चुनावी माहौल सोमवार को और गर्म होने वाला है। आज नामांकन का अंतिम दिन है और इसी के साथ चुनावी मुकाबले की तस्वीर लगभग साफ हो जाएगी। भाजपा के नए उम्मीदवार नीरज सिन्हा और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे। दोनों नेताओं के शक्ति प्रदर्शन और समर्थकों की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं।

समाहरणालय स्थित पटना सदर अनुमंडल कार्यालय के दूसरे तल पर डीसीएलआर न्यायालय कक्ष में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 16 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसी दिन चुनाव चिह्न का आवंटन भी किया जाएगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुंदन कुमार ने नामांकन स्थल पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की है। प्रत्याशी अधिकतम तीन वाहनों के साथ समाहरणालय परिसर में प्रवेश कर सकेंगे, जबकि नामांकन कक्ष में उम्मीदवार के साथ केवल पांच लोगों को जाने की अनुमति होगी।
नामांकन स्थल पर लाइसेंसी हथियार ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। प्रत्याशियों के अंगरक्षक नामांकन कक्ष से 100 मीटर दूर रहेंगे। पूरी नामांकन प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाएगी। गांधी मैदान थाना पुलिस वारंटियों की सूची के साथ तैनात रहेगी, ताकि किसी भी वांछित अपराधी को नामांकन कक्ष में प्रवेश न करने दिया जाए। नगर डीएसपी शिवानंद सिंह को इस व्यवस्था का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
भाजपा ने बदला उम्मीदवार
भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा ने नामांकन से पहले रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सी.पी. ठाकुर, पटना साहिब सांसद रविशंकर प्रसाद और पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।
गौरतलब है कि भाजपा ने पहले अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’ को उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने 9 जुलाई को नामांकन भी दाखिल किया था, लेकिन अगले ही दिन पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। इसके बाद भाजपा ने नीरज सिन्हा को नया प्रत्याशी घोषित किया।
