भोजपुरी बवाल’ में खुलेंगे कई राज, साथ नजर आएंगे पवन सिंह, निरहुआ और तेज प्रताप यादव

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: भोजपुरी मनोरंजन जगत पहली बार एक ऐसे रियलिटी शो का गवाह बनने जा रहा है, जहां पर्दे के पीछे की असली जिंदगी दर्शकों के सामने होगी। ‘भोजपुरी बवाल’ नाम का यह नया रियलिटी शो भोजपुरी सिनेमा के बड़े सितारों और चर्चित राजनीतिक चेहरे को एक मंच पर लेकर आ रहा है। शो का प्रीमियर 2 अगस्त से JioHotstar पर होगा।


भोजपुरी के दिग्गज सितारे आएंगे एक साथ
भोजपुरी बवाल’ में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह, अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव नजर आएंगे। इस शो की मेजबानी मनीषा रानी और कृष्णा अभिषेक करेंगे।
सितारों की असली जिंदगी से होगा सामना
शो में दर्शकों को इन सितारों की निजी और पेशेवर जिंदगी की अनदेखी झलक देखने को मिलेगी। शो का दावा है कि इसमें बिना किसी बनावट के कलाकारों की असली सोच, रिश्ते, संघर्ष, दोस्ती और प्रतिस्पर्धा को दिखाया जाएगा। शो को लेकर पवन सिंह ने कहा कि वर्षों से लोगों ने उनके बारे में कई तरह की बातें सुनी हैं। कुछ बातें सही हैं, कुछ बढ़ा-चढ़ाकर कही गईं और कई पूरी तरह अफवाह हैं। उन्होंने कहा कि यह शो दर्शकों को यह जानने का मौका देगा कि सुर्खियों के पीछे उनकी असली जिंदगी कैसी है।
निरहुआ ने कही यह बात
दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने कहा कि इस शो में कोई भी खुद को परफेक्ट दिखाने की कोशिश नहीं कर रहा है। सभी कलाकार साथ हंसते हैं, मजाक करते हैं, बहस करते हैं, एक-दूसरे की टांग खींचते हैं और खुलकर अपनी राय रखते हैं। उन्होंने कहा कि यही बात इस शो को बाकी रियलिटी शोज़ से अलग बनाती है और दर्शकों को इसका जवाब 2 अगस्त से खुद मिल जाएगा।
परिवार, दोस्ती और स्टारडम की अनसुनी कहानी
‘भोजपुरी बवाल’ में कलाकार अपनी लोकप्रियता, महत्वाकांक्षा, परिवार, दोस्ती, आपसी प्रतिस्पर्धा और स्टार बनने के दबाव जैसे कई पहलुओं पर खुलकर बात करेंगे। शो का उद्देश्य भोजपुरी मनोरंजन जगत की उस दुनिया को दर्शकों के सामने लाना है, जिसे अब तक बहुत कम लोग करीब से देख पाए हैं।

Share This Article