NEWS PR डेस्क: पटना, 14 जुलाई। चर्चित बंटी यादव अपहरण और हत्याकांड मामले में पुलिस विभाग ने लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। सिटी एसपी (सेंट्रल) ममता कल्याणी ने ड्यूटी के दौरान गंभीर लापरवाही, अनुशासनहीनता और उदासीन रवैया अपनाने के आरोप में कोतवाली थाना के तीन सहायक अवर निरीक्षकों (एएसआई) और एक होमगार्ड जवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबित पुलिसकर्मियों में एएसआई प्रवीण कुमार पंकज, एएसआई अवधेश कुमार, एएसआई वीर बहादुर सिंह तथा होमगार्ड जवान सुदर्शन प्रसाद शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार चारों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

बताया गया है कि बंटी यादव के साथ मारपीट और अपहरण की वारदात पटना जंक्शन स्थित टीओपी से लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुई थी। इसके बावजूद घटना की सूचना समय पर संबंधित पुलिस अधिकारियों तक नहीं पहुंची। न तो टीओपी प्रभारी को वारदात की जानकारी मिल सकी और न ही कोतवाली थाना की गश्ती टीम या ईआरएसएस-112 पर तैनात पुलिसकर्मी सक्रिय भूमिका निभा सके। प्रारंभिक जांच में इसे पुलिस की गंभीर चूक माना गया है।
सिटी एसपी के आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान सभी कर्मियों का मुख्यालय नवीन पुलिस केंद्र, पटना रहेगा। साथ ही सभी निलंबित पुलिसकर्मियों को तीन दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।
