किशनगंज में 200 टीबी मरीजों को मिली पोषण सहायता, रेड क्रॉस ने बांटी फूड बास्केट

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: किशनगंज: टीबी मरीजों के बेहतर इलाज और जल्द स्वस्थ होने के लिए दवाइयों के साथ पौष्टिक आहार भी बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य को लेकर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से एक विशेष पहल की गई। ‘मिशन मित्र आशा की नई किरण’ अभियान के तहत किशनगंज में 200 निक्षय पोषित टीबी मरीजों के बीच पोषण किट (फूड बास्केट) का वितरण किया गया।


कैलटेक्स चौक स्थित तेरापंथ भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मरीजों को नियमित पोषण सहायता उपलब्ध कराना और उनके स्वास्थ्य में सुधार लाने में सहयोग करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी नवीन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव आभास कुमार साहा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
पौष्टिक भोजन से मजबूत होगी टीबी से लड़ाई: डीएम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में पोषण की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी से मुकाबला करने के लिए दवाओं के साथ संतुलित और पौष्टिक आहार लेना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि समाज के सामूहिक प्रयास और सहयोग से ही टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। डीएम ने लोगों से अपील की कि अधिक से अधिक नागरिक निक्षय मित्र बनें, टीबी मरीजों को गोद लें और उन्हें नियमित रूप से पोषण सहायता उपलब्ध कराएं। इससे मरीजों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और उनके स्वस्थ होने की प्रक्रिया तेज होगी।
जरूरतमंद मरीजों तक सहायता पहुंचाने का संकल्प
इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव आभास कुमार साहा ने कहा कि संस्था टीबी मरीजों को लगातार पोषण सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि समाज के सहयोग से इस तरह के जनकल्याणकारी अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर सहायता मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद अतिथियों ने लाभार्थी टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया। इस पहल से मरीजों को इलाज के साथ बेहतर पोषण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। किशनगंज से मशरूर रइस की रिपोर्ट

Share This Article