NEWS PR डेस्क: गया जिले के शेरघाटी शहर में शनिवार तड़के हथियारबंद चोरों ने एक लड्डू व्यवसायी के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने एक किरायेदार महिला पर गोली चला दी। गोली उनके बाजू को छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

खिड़की काटकर घर में घुसे बदमाश
घटना शेरघाटी शहर के नई बाजार स्थित पावर ग्रिड के समीप शनिवार तड़के करीब 3:15 बजे की है। जानकारी के अनुसार, हथियारबंद चोर घर की खिड़की काटकर अंदर घुसे और करीब सात लाख रुपये नकद के साथ अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
विरोध करने पर चलाई गोली
पीड़ित व्यवसायी किशोर कुमार ने बताया कि घटना के समय बारिश हो रही थी। उनकी किरायेदार कविता देवी बाहर सूख रहे कपड़े लेने निकलीं, तभी उन्होंने खिड़की के पास दो संदिग्ध लोगों को देखा। जब उन्होंने शोर मचाते हुए चोरों को रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके बाजू को छूते हुए निकल गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना सुबह करीब 3:45 बजे शेरघाटी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। घायल महिला की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में आक्रोश
स्थानीय लोगों का कहना है कि नई बाजार, नूतन नगर और आसपास के इलाकों में पिछले एक महीने से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। चोर कभी खिड़की काटकर तो कभी दरवाजा तोड़कर घरों में घुस रहे हैं। लोगों का आरोप है कि अब तक किसी गिरोह का खुलासा नहीं हो सका है, जिससे पुलिस की रात्रि गश्त और कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।
आंदोलन की चेतावनी
स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे पहले रवि सिंह के घर से करीब 25 लाख रुपये के आभूषण चोरी हो चुके हैं। वहीं अर्जुन साव, वीरेंद्र साव समेत आधा दर्जन से अधिक घरों में भी चोरी की वारदात हो चुकी है। कई अन्य घरों में चोरी के प्रयास भी किए गए हैं। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से नाराज लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। उनका कहना है कि क्षेत्र में भय का माहौल है और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। शेरघाटी थाना के पदाधिकारी संतोष राम ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
