NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण के गौनाहा प्रखंड में जंगली भालू की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल है। गौनाहा प्रखंड के राज्य संपोषित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बेलसण्डी के परिसर में भालू दिखाई देने के बाद स्कूली बच्चों, शिक्षकों और आसपास के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

विद्यालय जंगल क्षेत्र से कुछ दूरी पर स्थित है, जिसके कारण यहां अक्सर जंगली जानवरों के आने की आशंका बनी रहती है। भालू के स्कूल परिसर में पहुंचने की खबर के बाद छात्र-छात्राएं स्कूल आने-जाने में डर महसूस कर रहे हैं। वहीं, शिक्षक भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरत रहे हैं।
भालू के डर से कृषि कार्य भी प्रभावित
ग्रामीणों के मुताबिक, इन दिनों इलाके में धान रोपाई का काम तेजी से चल रहा है। लेकिन भालू की मौजूदगी के कारण कई किसान खेतों में जाने से भी बच रहे हैं। इससे खेती-किसानी का काम प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि भालू को सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल में छोड़ा जाए, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
वन विभाग ने शुरू की निगरानी
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग सक्रिय हो गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, मामले की सूचना मिल चुकी है और क्षेत्र में टीम भेजी जा रही है। वन विभाग की टीम भालू की गतिविधियों पर नजर रखेगी और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल में छोड़ने का प्रयास करेगी।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
फिलहाल प्रशासन और वन विभाग ने ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे बच्चों को अकेले बाहर न भेजें, भालू के करीब जाने या उसे परेशान करने की कोशिश न करें और किसी भी तरह की जानकारी तुरंत वन विभाग को दें।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट
