NEWS PR डेस्क : भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह इन दिनों हॉटस्टार के शो ‘भोजपुरी बवाल’ को लेकर चर्चा में हैं। शो में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी, फिल्मी करियर और अपनी पसंद-नापसंद से जुड़े कई ऐसे किस्से सुनाए, जिन पर दर्शक खूब दिलचस्पी ले रहे हैं। कभी एक्स गर्लफ्रेंड को लेकर मजेदार जवाब दिया तो कभी ‘आई लव यू’ वाले किस्से का खुलासा किया। वहीं भारती सिंह और जन्नत जुबैर के साथ उनकी बातचीत के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

‘बॉयफ्रेंड बनकर पूरे शरीर में दाग हो गया’
शो के दौरान दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने पवन सिंह की एक्स गर्लफ्रेंड का बिना नाम लिए मजाकिया अंदाज में जिक्र किया। उन्होंने कहा, “मुझे तो लगा आप पहले बॉयफ्रेंड बनेंगे और फिर हस्बैंड।”निरहुआ की इस बात पर पवन सिंह मुस्कुराए और मजेदार जवाब देते हुए बोले, “बॉयफ्रेंड बनकर तो पूरे शरीर में दाग हो गया है। इससे अच्छा मैं हस्बैंड के रूप में ही ठीक हूं।” पवन का जवाब सुनकर सेट पर मौजूद लोग हंसने लगे।
जब पवन सिंह ने ठान लिया था- ‘आई लव यू’ सुनकर रहूंगा
‘भोजपुरी बवाल’ में भारती सिंह ने पवन सिंह से उनकी निजी जिंदगी और फिल्मी सफर को लेकर कई सवाल पूछे।भारती ने पूछा कि क्या कभी किसी फिल्म के सेट पर किसी अभिनेत्री की कोई बात उनके स्वाभिमान को ठेस पहुंची हो और उन्होंने मन में उससे ‘आई लव यू’ कहलवाने की ठान ली हो?
जो भी हो, इनसे ‘आई लव यू’ जरूर सुनूंगा
पवन सिंह ने बताया कि वह कुछ मामलों में काफी जिद्दी हैं और मुंबई आने के शुरुआती दिनों में उनके साथ ऐसा ही एक किस्सा हुआ था। उस दौरान लगातार मीटिंग्स का दौर चल रहा था। एक मुलाकात में किसी की कही बात पवन सिंह को इतनी बुरी लगी कि उन्होंने मन ही मन ठान लिया कि “जो भी हो, इनसे ‘आई लव यू’ जरूर सुनूंगा।” पवन ने आगे बताया कि उन्होंने अपनी जिद नहीं छोड़ी और आखिरकार वह पल आया, जब सामने वाली ने उनसे ‘आई लव यू’ कह दिया। अपनी बात खत्म करते हुए पवन सिंह ने बेहद मजाकिया अंदाज में कहा, “वहां से फिर जय श्री राम।”
फ्लाइट में तब बैठता हूं, जब खुद फ्लाइट मोड में हो जाऊं’
शो में पवन सिंह और भारती सिंह की बातचीत का एक और हिस्सा काफी मजेदार है। पवन ने फ्लाइट और ‘फ्लाइट मोड’ को लेकर मजाक करते हुए कहा, “मैं फ्लाइट में तब तक नहीं बैठता, जब तक मैं खुद फ्लाइट मोड में न हो जाऊं।” भारती सिंह ने जब इसका मतलब पूछा तो पवन ने कहा, “अब समझने वाले समझ गए हैं।”
स्त्री 2’ के गाने ‘आई नहीं’ से जुड़ा किस्सा
शो के एक अन्य सेगमेंट में जन्नत जुबैर ने पवन सिंह का इंटरव्यू लिया। इस दौरान पवन ने बॉलीवुड फिल्म ‘स्त्री 2’ के गाने ‘आई नहीं’ से जुड़ा किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि उस दिन उन्होंने दिनभर शूटिंग की थी। अचानक उनके भाई ने आकर कहा कि अगले दिन एक गाना रिलीज करना है और उन्हें किसी भी हालत में उसकी रिकॉर्डिंग करनी होगी। उन्होंने बताया कि महज 10 मिनट में गाना उन्होंने रिकॉर्ड कर दिया। वह गाना रिलीज भी हुआ और सुपरहिट भी हो गया।”
पवन सिंह और भारती सिंह की जबरदस्त मस्ती ..
वहीं भोजपुरी बवाल’ के प्रोमो में पवन सिंह और भारती सिंह की जबरदस्त मस्ती देखने को मिली। भारती सिंह ने पवन की पीठ पर बैठकर उन्हें मजेदार अंदाज में चुनौती दी। इसके बाद पवन ने भारती को पीठ पर बैठाकर पुश-अप्स लगाए। इस दौरान भारती ने भोजपुरी अंदाज में मजाक करते हुए कहा, “पीठ पर आपकी बहन होगी। जब पावर के ऊपर जनरेटर बैठेगा, तब क्या पावर होगी?” भारती की बात सुनकर पवन सिंह पहले तो हैरान रह गए, लेकिन अगले ही पल मुस्कुराते हुए पुश-अप्स करने लगे।
आज राजा जी का दिलवा टूटेगा नहीं, फट जाएगा
पवन का जोश देखकर भारती सिंह उनकी नजर उतारती भी नजर आईं। वहीं, पूरे माहौल को और मजेदार बनाते हुए पवन सिंह ने कहा, “आज राजा जी का दिलवा टूटेगा नहीं, फट जाएगा।” शो का यह मजेदार वीडियो अब दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। ‘भोजपुरी बवाल’ में पवन सिंह के ये खुलासे उनके फैंस के लिए खास हैं। शो में उनका अंदाज कभी बेबाक तो कभी बेहद मजाकिया नजर आया। निजी जिंदगी के किस्सों से लेकर फिल्मों और गानों से जुड़ी यादों तक, पवन ने बातचीत के दौरान अपनी जिंदगी के कई दिलचस्प पहलुओं को दर्शकों के सामने रखा।