Bihar Weather: कमजोर पड़ा मानसून, 11 जिलों में आज बारिश के आसार; 30 अगस्त से अलर्ट

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार में मानसून अब कमजोर पड़ने लगा है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहने के बावजूद बारिश का जोर कम हो गया है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 11 जिलों में बारिश की संभावना जताई है, हालांकि इनमें किसी भी जिले के लिए फिलहाल अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, बारिश के बीच भी लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।

इन 11 जिलों में आज बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को सीवान, सारण, गोपालगंज, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, पटना, वैशाली और पश्चिमी चंपारण में बारिश हो सकती है। कई अन्य जिलों में भी बादल छाए रह सकते हैं हालांकि, बारिश की गतिविधि कमजोर रहने के कारण तापमान और उमस में खास कमी आने की उम्मीद नहीं है।
पटना में बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश के आसार
राजधानी पटना में पिछले 24 घंटे के दौरान दिनभर उमस भरी गर्मी रही। आसमान में बादल छाए रहे और देर रात हल्की बारिश भी हुई, लेकिन इससे लोगों को उमस से खास राहत नहीं मिली। आज भी पटना में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मुजफ्फरपुर, मधेपुरा और पूर्णिया में झमाझम बारिश
पिछले 24 घंटे में राज्य के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मुजफ्फरपुर, मधेपुरा और पूर्णिया में झमाझम बारिश हुई। इसके बावजूद पूरे बिहार में मानसून की स्थिति सामान्य से काफी कमजोर बनी हुई है। इस मानसून सीजन बिहार में अब तक सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में सामान्य बारिश 756.5 मिमी होनी चाहिए थी, जबकि अब तक सिर्फ 438.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस तरह राज्य में सामान्य से 317.9 मिमी कम बारिश हुई है, जो करीब 42 फीसदी की कमी है।
30 अगस्त से कुछ जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, 30 अगस्त को राज्य के कुछ जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पटना, सीवान, सारण, गोपालगंज, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, भोजपुर, बक्सर, कैमूर और रोहतास समेत कई जिलों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश हो सकती है हालांकि, मौसम में बहुत बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है और उमस का असर बना रह सकता है।
31 अगस्त को पटना में तेज बारिश का अनुमान
31 अगस्त को भी पटना समेत बिहार के कई हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना है। राजधानी पटना में तेज बारिश का अनुमान जताया गया है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस समय वातावरण में नमी काफी अधिक है। मानसून की गतिविधियों के कारण ऊपरी वायुमंडलीय स्तर पर बादलों का निर्माण हो रहा है। कई इलाकों में बादल पहुंच रहे हैं, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं हो पा रही है।
यही कारण है कि बारिश से पहले और बारिश के बाद उमस बढ़ जाती है। बादल और नमी के कारण तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं होती, जिससे लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

Share This Article