गया में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, हथियार और निर्माण उपकरण बरामद; एक गिरफ्तार

Shreya Raj
गया में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, हथियार और निर्माण उपकरण बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार।

NEWS PR डेस्क: गया जिले में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गया पुलिस और एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। गुरारू थाना क्षेत्र के मथुरापुर डीह गांव में छापेमारी कर पुलिस ने एक मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान हथियार तस्कर सालिक मिस्त्री को गिरफ्तार किया गया। उसके घर से एक देशी हथियार, अर्धनिर्मित हथियार, बैरल, हथियारों के विभिन्न पार्ट्स और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए हैं।

एसटीएफ की सूचना पर बनाई गई विशेष टीम

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि मथुरापुर गांव निवासी सालिक मिस्त्री अपने घर में अवैध हथियारों का निर्माण कर उनकी सप्लाई करता है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, टिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में गुरारू थाना पुलिस और एसटीएफ के जवान शामिल थे। इसके बाद पुलिस टीम ने मथुरापुर डीह स्थित सालिक मिस्त्री के घर की घेराबंदी कर छापेमारी की।

भागने की कोशिश कर रहा था आरोपी

पुलिस टीम की कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति मौके से भागने का प्रयास करने लगा हालांकि, पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान सालिक मिस्त्री, पिता बिगन मिस्त्री, निवासी मथुरापुर डीह, थाना गुरारू, जिला गया के रूप में बताई।

इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर उसके घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वहां से अवैध हथियार और हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली कई मशीनें और उपकरण बरामद किए गए।

मिनी गन फैक्ट्री पर छापेमारी में हथियार और निर्माण उपकरण बरामद।

देशी हथियार, बैरल और कई मशीनें मिलीं

पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान एक देशी हथियार, अर्धनिर्मित हथियार, बैरल और हथियारों के विभिन्न पार्ट्स बरामद किए गए। इसके अलावा हथियार निर्माण में प्रयुक्त हीट मशीन, ड्रिल मशीन, लोहे काटने की मशीन, कटर, हथौड़ा, छेनी, प्लास और पेचकश समेत बड़ी मात्रा में उपकरण भी जब्त किए गए हैं। बरामद सामान को देखते हुए पुलिस ने इसे एक मिनी गन फैक्ट्री बताया है।

बरामद सामान पर नहीं दे सका संतोषजनक जवाब

पुलिस ने जब आरोपी से बरामद हथियारों और उपकरणों के संबंध में पूछताछ की तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि सालिक मिस्त्री किसी बड़े हथियार तस्करी गिरोह से जुड़ा है या नहीं।

अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी द्वारा तैयार किए गए हथियारों की सप्लाई कहां और किन लोगों तक की जाती थी। मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के नेटवर्क पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। गया पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई को अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

गया से रिपोर्टर : आशीष कुमार

Share This Article