NEWS PR :अरवल जिले के बेलखारा में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को अंतिम स्वीकृति मिलने की खबर के बाद स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। मेडिकल कॉलेज की मंजूरी को अरवल के स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इसके निर्माण से जिले के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने के साथ ही चिकित्सा शिक्षा और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
पंकज रंजन ने जताया आभार
जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज रंजन ने मेडिकल कॉलेज को अंतिम स्वीकृति मिलने पर प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और मुख्य सचिव के प्रति आभार व्यक्त किया।पंकज रंजन ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना अरवल जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे स्वास्थ्य और शिक्षा, दोनों क्षेत्रों में जिले को लाभ मिलेगा।
स्थानीय स्तर पर मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं
मेडिकल कॉलेज और उससे जुड़े अस्पताल के शुरू होने के बाद अरवल सहित आसपास के इलाकों के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिलने की उम्मीद है। गंभीर मरीजों को इलाज के लिए पटना या दूसरे बड़े शहरों में रेफर करने की आवश्यकता भी कम हो सकती है।इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा के नए रास्ते खुलेंगे। स्थानीय युवाओं को मेडिकल और पैरामेडिकल क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलने के साथ रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
अरवल के विकास को मिलेगी रफ्तार
मेडिकल कॉलेज की मंजूरी को जिले के विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे स्वास्थ्य और शिक्षा के अलावा सड़क, परिवहन, आवास, रोजगार और स्थानीय कारोबार जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
बता दें कि पंकज रंजन, एक महान समाज सुधारक प्रयाग दत्त के परपोते हैं। बताया जाता है कि प्रयाग दत्त ने ग्राम बेलखारा के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की थीं। उन्होंने स्कूल, कॉलेज, अस्पताल सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए अपनी जमीन दान की थी। उनके प्रयासों से गांव के विकास को नई दिशा मिली।