मोतिहारी में नवजात खरीद-बिक्री का खुलासा, अस्पताल के पास से मासूम बरामद; 8 गिरफ्तार

Shreya Raj
मोतिहारी में नवजात खरीद-बिक्री मामले में 8 गिरफ्तार, पुलिस ने मासूम को सुरक्षित बरामद किया।

NEWS PR डेस्क: मोतिहारी में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के एक बड़े नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और स्पेशल टास्क फोर्स के सहयोग से की गई कार्रवाई में पुलिस ने कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक नवजात शिशु को सुरक्षित बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से 1.12 लाख रुपये नकद, एक एम्बुलेंस और एक ऑल्टो कार भी जब्त की है।

अस्पताल के पास से नवजात को ले जाने की मिली सूचना

पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि पकड़ीदयाल स्थित विशाल चाइल्ड केयर अस्पताल के पास से एक नवजात शिशु का सौदा कर उसे वाहनों के जरिए चोरमा कोठी बाजार की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पकड़ीदयाल के प्रभारी एसडीपीओ अभिषेक कुमार के नेतृत्व में एक संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया।

चोरमा कोठी बाजार के पास वाहनों को रोका

संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरमा कोठी बाजार के समीप संदिग्ध वाहनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान एम्बुलेंस के अंदर एक महिला की गोद से नवजात शिशु को बरामद किया गया। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।

पूछताछ में खरीद-बिक्री में संलिप्तता का खुलासा

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान महिला और अन्य आरोपियों ने नवजात शिशु की खरीद-बिक्री में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इस मामले में गौतम कुमार, चंदन राम, छोटू कुमार, कुणाल कुमार और गुड्डू कुमार समेत कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में इस नेटवर्क से जुड़ी तीन महिलाएं भी शामिल हैं।

मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी पुलिस

एक नवजात की बरामदगी के बाद पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह कितना बड़ा है और इसके तार किन-किन जिलों या राज्यों से जुड़े हैं। प्रभारी एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है साथ ही, इस अवैध धंधे के मास्टरमाइंड की तलाश की जा रही है।

मोतिहारी से रिपोर्टर: संतोष राउत

Share This Article