पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से जहां डेढ़ करोड़ की जांच मशीन पर ‘ग्रहण’, नरकटियागंज से लौरिया भेजे जाने पर विधायक ने खोला मोर्चा
नरकटियागंज। अनुमंडलीय अस्पताल नरकटियागंज में मरीजों की सुविधा के लिए मिली करीब डेढ़ करोड़ रुपये की बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर ऑटोमेटिक जांच मशीन के लौरिया स्थानांतरण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बिहार सरकार की ओर से 31 जुलाई को अस्पताल को यह मशीन उपलब्ध कराई गई थी। मशीन अस्पताल पहुंच चुकी थी और इसके संचालन की तैयारी के साथ टेक्नीशियन भी पहुंच गए थे। इससे मरीजों को कई तरह की जांच की सुविधा मिलने की उम्मीद थी।
मशीन के लौरिया भेजे जाने की जानकारी मिलने पर नरकटियागंज विधायक संजय कुमार पांडेय ने कड़ी नाराजगी जताई। विधायक अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे और अस्पताल उपाधीक्षक से बातचीत कर मशीन के लिए तैयार
किए गए स्थान का जायजा लिया।
विधायक ने कहा कि यह मशीन नरकटियागंज के साथ सिकटा, रामनगर, लौरिया समेत आसपास के हजारों मरीजों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होती। उन्होंने आरोप लगाया कि नरकटियागंज को स्वास्थ्य सुविधाओं के मामले में लगातार उपेक्षित किया जा रहा है।

विधायक ने दो टूक कहा, “जब तक मैं जीवित हूं,!
बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन नरकटियागंज से नहीं जाने दूंगा। जरूरत पड़ी तो सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ूंगा।” उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर डीएम से लेकर मुख्यमंत्री तक इस मामले को लेकर मुलाकात करेंगे। अब मशीन के स्थानांतरण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लिए गए फैसले पर सवाल उठने लगे हैं।
पश्चिम चंपारण के मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;—-