NEWS PR डेस्क:बिहार में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। गृह विभाग की आरक्षी शाखा की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 10 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह आदेश राज्यपाल के आदेश से सरकार के अवर सचिव दीपक कुमार द्वारा जारी किया गया है।

तबादला सूची में 2018, 2023 और 2024 बैच के अधिकारियों को अलग-अलग जिलों और अनुमंडलों में तैनाती दी गई है। खास बात यह है कि 2024 बैच के सात प्रोबेशनरी IPS अधिकारियों को सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) की जिम्मेदारी दी गई है।
नई तैनाती के तहत अनिकेत कुमार द्विवेदी को जहानाबाद SDPO-I, दीप्ति मोणाली को जमुई, हेमन्त सिंह को भागलपुर नगर SDPO-I और कार्तिकेयन ए.के. को मुजफ्फरपुर नगर SDPO-II बनाया गया है। वहीं केतन अशोक इंगोले को रजौली (नवादा), प्रसन्न कुमार एम.वी. को नरकटियागंज (पश्चिमी चम्पारण) और साईम रज़ा को नवगछिया का SDPO नियुक्त किया गया है।
राजधानी पटना में भी पुलिस व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 2023 बैच की IPS अधिकारी कोमल मीणा को पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पटना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सुषमा सागर को पटना के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-II (विधि-व्यवस्था) के पद पर तैनात किया गया है। वहीं, पुलिस मुख्यालय में पदस्थापना की प्रतीक्षा कर रहे 2018 बैच के IPS अधिकारी पूरन कुमार झा को पुलिस अधीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना बनाया गया है। यह पद पुलिस प्रशासन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है।
सरकार के इस फेरबदल में युवा IPS अधिकारियों को फील्ड में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देने पर खास जोर दिखाई दे रहा है। फील्ड ट्रेनिंग पूरी कर चुके अधिकारियों की अनुमंडलीय स्तर पर तैनाती से कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को बेहतर बनाने की उम्मीद है। गृह विभाग के आदेश के मुताबिक, जिन अधिकारियों को इस सूची में कोई नई जिम्मेदारी नहीं दी गई है, उन्हें अगले आदेश तक बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना में योगदान देना होगा।