NEWS PR डेस्क: पटना: बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने चीनी की बढ़ती कीमतों और गन्ना उद्योग से जुड़े सवालों पर सरकार का पक्ष रखा है। न्यूज़ PR के कार्यक्रम ‘मंत्री जी न्यूज़ रूम’ में पहुंचे मंत्री ने संपादक अंशु झा के सवालों के जवाब दिए। इस दौरान उन्होंने अपने निजी जीवन, राजनीतिक सफर, चिराग पासवान के नेतृत्व और बिहार के विकास को लेकर भी कई महत्वपूर्ण बातें साझा कीं।
चीनी की बढ़ती कीमतों पर क्या बोले मंत्री?
चीनी के बढ़ते दामों को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय पासवान ने कहा कि बिहार में चीनी का स्टॉक भरपूर है। उन्होंने बताया कि गन्ना उद्योग विभाग के अधिकारी लगातार इस मामले पर काम कर रहे हैं। सरकार की नजर चीनी की उपलब्धता और बाजार की स्थिति पर बनी हुई है।
मंत्री ने कहा कि अगर किसी के पास निर्धारित सीमा से अधिक चीनी का स्टॉक पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर ऐसे लोगों को जेल भी भेजा जा सकता है। उनका कहना था कि सरकार चीनी की जमाखोरी को लेकर गंभीर है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
गन्ना उद्योग पर विपक्ष के सवालों का दिया जवाब
गन्ना उद्योग को लेकर विपक्ष की ओर से लगातार उठाए जा रहे सवालों पर भी मंत्री संजय पासवान ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि गन्ना उद्योग विभाग के अधिकारी लगातार काम कर रहे हैं। सरकार इस क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर नजर बनाए हुए है और विभाग अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि गन्ना उद्योग को लेकर सरकार गंभीरता से काम कर रही है साथ ही, चीनी के स्टॉक और उसकी उपलब्धता से जुड़े मामलों में भी विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।

चिराग पासवान के नेतृत्व में बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट
राजनीतिक सवालों पर संजय पासवान ने कहा कि चिराग पासवान के नेतृत्व में एलजेपी आर बिहार के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का विजन ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ है और इसी सोच के साथ बिहार के विकास के लिए काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि चिराग पासवान के नेतृत्व में पार्टी बिहार के हितों को प्राथमिकता दे रही है। मंत्री ने यह भी बताया कि उन्हें बिहार सरकार में मंत्री के रूप में जिम्मेदारी मिलने का सबसे बड़ा श्रेय राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को जाता है।
चिराग पासवान के मुख्यमंत्री बनने पर क्या कहा?
संपादक अंशु झा ने जब मंत्री संजय पासवान से पूछा कि क्या एलजेपी आर अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को बिहार का मुख्यमंत्री देखना चाहती है, तो उन्होंने कहा कि वर्तमान में एनडीए के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर आगे एनडीए के पांचों दलों की सहमति बनती है, तो चिराग पासवान भी मुख्यमंत्री बन सकते हैं। उनके इस बयान को बिहार की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
साढ़े तीन साल घर से दूर रहे, पत्नी के सहयोग को बताया अहम
कार्यक्रम के दौरान संजय पासवान ने अपने निजी जीवन की भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि राजनीति में उन्होंने करीब साढ़े तीन साल तक अपना घर छोड़कर काम किया। इस दौरान उनके परिवार, खासकर उनकी पत्नी ने उनका बहुत सहयोग किया।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में परिवार का साथ बेहद महत्वपूर्ण होता है। अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए उन्होंने पत्नी और परिवार के सहयोग के लिए आभार जताया।
कार्यकर्ताओं और एनडीए के घटक दलों को दिया धन्यवाद
मंत्री संजय पासवान ने कहा कि आज वह बिहार सरकार में मंत्री के रूप में कार्यरत हैं, तो इसका सबसे बड़ा श्रेय चिराग पासवान को जाता है। उन्होंने अपने सभी कार्यकर्ताओं, प्रतिनिधियों, विधायकों और मंत्रियों का भी धन्यवाद किया।
इसके अलावा, उन्होंने एनडीए के तमाम घटक दलों के प्रति भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। कार्यक्रम में मंत्री ने अपने राजनीतिक सफर से लेकर विभागीय कामकाज तक कई मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी।