फरक्का जल संधि पर जदयू का हमला, चंदन कुमार सिंह बोले- बिहार के हितों से अब कोई समझौता नहीं

Shreya Raj
फरक्का जल संधि पर जदयू का बड़ा बयान, चंदन कुमार सिंह बोले- बिहार के हितों से अब कोई समझौता नहीं होगा।

NEWS PR डेस्क: पटना: जनता दल (यू) के प्रदेश प्रवक्ता चंदन कुमार सिंह ने फरक्का जल संधि को लेकर बिहार के साथ पिछले 30 वर्षों से अन्याय होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि साल 1996 में हस्ताक्षरित इस संधि के कारण बिहार के हित प्रभावित हुए हैं, लेकिन अब राज्य के अधिकारों और जरूरतों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

गंगा से जुड़े 12 जिलों में लोगों को जागरूक कर रही जदयू

चंदन कुमार सिंह ने जारी बयान में कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा गंगा नदी से सटे बिहार के 12 जिलों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान लोगों को फरक्का जल संधि के कारण होने वाली समस्याओं के बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संधि के चलते बिहार के लोगों का पानी पर वाजिब हक प्रभावित हो रहा है।

फरक्का बैराज से गाद जमा होने का आरोप

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि पश्चिम बंगाल में फरक्का बैराज के निर्माण के बाद गंगा नदी में गाद जमा हो रही है। इससे नदी उथली होती जा रही है। उनके अनुसार, गंगा के उथले होने का असर बिहार के कई इलाकों में दिखाई दे रहा है, जहां कहीं बाढ़ तो कहीं सूखे की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि बिहार की आबादी बढ़ने के साथ पानी की जरूरत भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में राज्य को उसके हिस्से का पर्याप्त पानी नहीं मिलना चिंता का विषय है। चंदन कुमार सिंह ने कहा कि अगर बिहार की जरूरतों को नजरअंदाज किया गया तो आने वाले समय में लोगों को गंभीर पेयजल संकट, सिंचाई के लिए पानी की कमी और उद्योगों के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

लालू प्रसाद यादव पर साधा निशाना

चंदन कुमार सिंह ने फरक्का जल संधि को लेकर तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक स्वार्थों के कारण लालू प्रसाद यादव ने बिहार के हितों की अनदेखी की और संधि के खिलाफ आवाज नहीं उठाई।

उन्होंने कहा कि साल 1996 में लालू प्रसाद यादव बिहार के मुख्यमंत्री थे और केंद्र की संयुक्त मोर्चे की सरकार में भी उनकी प्रभावशाली भूमिका थी। चंदन कुमार सिंह ने दावा किया कि तत्कालीन विदेश मंत्री आई.के. गुजराल से लालू प्रसाद यादव के अच्छे संबंध थे और अगर वे दबाव बनाते तो यह संधि नहीं हो पाती।

फरक्का जल संधि पर जदयू का बड़ा बयान, चंदन कुमार सिंह बोले- बिहार के हितों से अब कोई समझौता नहीं होगा।

नीतीश कुमार ने हमेशा किया विरोध: जदयू

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फरक्का जल संधि का हमेशा विरोध किया है। उन्होंने गंगा में जमा हो रही गाद और उससे उत्पन्न समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की थी। इस दौरान फरक्का बैराज के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए समस्या का समाधान निकालने का आग्रह किया गया था।

राज्यसभा में संजय झा ने उठाया मामला

चंदन कुमार सिंह ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने संसद के मानसून सत्र के दौरान राज्यसभा में भी इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया। उन्होंने फरक्का जल संधि के नवीकरण के खिलाफ आवाज उठाई और बिहार के हितों की अनदेखी नहीं करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि पानी की कमी के कारण राज्य के कई इलाकों में भूजल स्तर नीचे जा रहा है। ऐसे में बिहार की वाजिब मांगों और जरूरतों को नजरअंदाज किया गया तो आने वाले समय में पेयजल, सिंचाई और उद्योगों के लिए पानी की समस्या और गंभीर हो सकती है। जदयू प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि बिहार के हितों की रक्षा के लिए पार्टी अब इस मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करेगी।

Share This Article