जीतन राम मांझी की तबीयत को लेकर बढ़ी चिंता, दिल्ली AIIMS में चल रहा इलाज

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की तबीयत बिगड़ने से उनके समर्थकों में चिंता बढ़ गई है। रविवार शाम उन्हें इलाज के लिए दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। जांच के दौरान डेंगू की पुष्टि होने के बाद चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया।

मांझी को रविवार शाम करीब पांच बजे एम्स के इमरजेंसी विभाग में लाया गया था। इसके बाद रात करीब नौ बजे उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया। डॉक्टरों की विशेष टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। उन्हें बुखार के साथ सांस लेने में परेशानी की शिकायत भी बताई गई है। हालांकि, फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल की ओर से किसी गंभीर स्वास्थ्य संकट की जानकारी सामने नहीं आई है। चिकित्सक उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और आवश्यक उपचार किया जा रहा है।


इससे पहले भी जीतन राम मांझी की तबीयत पटना में बिगड़ी थी। तेज बुखार की शिकायत के बाद उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी, जिसके बाद वह दिल्ली चले गए थे। दिल्ली पहुंचने के बाद दोबारा स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया।
मांझी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आने के बाद उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में चिंता का माहौल है। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। जीतन राम मांझी बिहार की राजनीति के प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं। वर्तमान में वह केंद्र सरकार में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी लगातार नजर बनी हुई है।

Share This Article