NEWS PR डेस्क : गंगा के जलस्तर को लेकर पटना में फिलहाल राहत की खबर है, लेकिन भागलपुर के सुलतानगंज में चिंता बढ़ गई है। पटना के गांधीघाट और हाथीदह में गंगा का पानी उच्चतम जलस्तर (HFL) तक पहुंचने के बाद अब लगातार घट रहा है। वहीं, सुलतानगंज में जलस्तर तेजी से बढ़ते हुए HFL के बेहद करीब पहुंच गया है।

पटना के गांधीघाट गेज स्थल पर गंगा का जलस्तर HFL 50.52 मीटर से 6 सेंटीमीटर ऊपर पहुंचकर 50.58 मीटर रिकॉर्ड हुआ था। अब इसमें लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। 7 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे गांधीघाट में जलस्तर 50.40 मीटर दर्ज किया गया।
बाढ़ पूर्वानुमान बुलेटिन के मुताबिक गांधीघाट में जलस्तर में गिरावट का सिलसिला फिलहाल जारी रहने की संभावना है। वहीं, पटना जिले के हाथीदह गेज स्थल पर भी पानी घट रहा है। यहां 6 सितंबर को गंगा का जलस्तर HFL 43.52 मीटर तक पहुंचा था। 7 सितंबर को सुबह 10 बजे यह घटकर 43.50 मीटर दर्ज किया गया।
हालांकि, इसका असर डाउनस्ट्रीम में भागलपुर जिले के सुलतानगंज में देखने को मिल रहा है। यहां 7 सितंबर को सुबह 10 बजे गंगा का जलस्तर 36.72 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो HFL 36.75 मीटर से महज 3 सेंटीमीटर नीचे है। सुलतानगंज में जलस्तर बढ़ने की रफ्तार करीब 1 सेंटीमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए यहां गंगा का जलस्तर HFL तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने संबंधित इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है और लोगों से नदी एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की गई है।