बापू के विचारों से रूबरू होंगे बच्चे और युवा, पटना में तीन दिवसीय गांधी फिल्म फेस्टिवल

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : राजधानी पटना के बापू टावर में तीन दिवसीय गांधी फिल्म फेस्टिवल का आयोजन होने जा रहा है। 9 से 11 सितंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में महात्मा गांधी के जीवन और विचारों पर आधारित सात दुर्लभ फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य खास बच्चों सहित स्कूली बच्चों और युवाओं को बापू के सत्य, अहिंसा और स्वावलंबन के विचारों से जोड़ना है। फिल्म फेस्टिवल में प्रवेश निशुल्क रहेगा और विभिन्न स्कूलों के बच्चों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।

ऑस्कर विजेता की फिल्म का होगा प्रदर्शन
फिल्म महोत्सव की शुरुआत 9 सितंबर को होगी। पहले दिन सुबह 11 बजे मशहूर रिचर्ड एटनबरो की ऑस्कर विजेता फिल्म ‘गांधी’ (1982) दिखाई जाएगी। वहीं दोपहर 3 बजे ‘गांधी – 20वीं सदी के पैगंबर’ (1940) का प्रदर्शन होगा। महोत्सव के दूसरे दिन 10 सितंबर को दो फिल्में दिखाई जाएंगी। सुबह के सत्र में ‘महात्मा गांधी टॉक्स’ (1931) दिखाई जाएगी। दोपहर के सत्र में ‘ए बाउंडलेस आइडिया’ (1970) का प्रदर्शन होगा, जो गांधीवादी दर्शन पर आधारित है।

फेस्टिवल के तीसरे और आखिरी दिन 11 सितंबर को तीन फिल्मों का प्रदर्शन रखा गया है। इसमें सुबह 11 बजे ‘मैंने गांधी को नहीं मारा’ (2005) दिखाई जाएगी, जो आधुनिक संदर्भ में गांधी के विचारों की प्रासंगिकता पर है। इसके बाद ‘नोआखली एक्सट्रैक्ट्स’ (1946) और ‘साउथ इंडिया टूर ऑफ महात्मा गांधी’ (1946) जैसी ऐतिहासिक फुटेज वाली फिल्में दिखाई जाएंगी।

Share This Article