बिहार BJP का ‘सेवा संकल्प अभियान’, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को जोड़ने पर रहेगा फोकस

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बिहार भाजपा अक्टूबर तक कई स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित करेगी। पार्टी ने मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की घोषणा की। अभियान का केंद्र सेवा कार्यों के साथ समाज के विभिन्न वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी से आगे बढ़ाना होगा।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि पार्टी इस दौरान ‘सेवा सेतु अभियान’ के जरिए ऐसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास करेगी, जो सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के पात्र हैं, लेकिन अभी तक उनका लाभ नहीं ले पाए हैं। पार्टी कार्यकर्ता पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी संभाली थी। 7 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अवसर को ध्यान में रखते हुए बिहार के अलग-अलग हिस्सों में विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं। प्रेसवार्ता में बिहार सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री और कार्यक्रम प्रभारी संजय सिंह टाइगर भी उपस्थित रहे।
दीप जलाकर व्यक्त किया जाएगा आभार
अभियान की पहली कड़ी ‘आशीर्वाद का दीया’ होगी। 17 सितंबर की शाम सात बजे केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोग अपने घरों में दीप प्रज्वलित करेंगे। भाजपा के मुताबिक, इस कार्यक्रम का उद्देश्य लाभार्थियों के जरिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करना है। इसके बाद 23 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच शिक्षण संस्थानों में ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम होगा। स्कूल और कॉलेज स्तर पर चित्रकला तथा भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और पुरस्कार देने की भी योजना है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए पहुंचाए जाएंगे सेवा कार्य
17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘सेवा संस्मरण’ के तहत गांवों और शहरी क्षेत्रों में संगीतमय नाट्य प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा से जुड़े कार्यों को लोगों के बीच प्रस्तुत किया जाएगा। प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक आयोजनों के विषयों में जनसेवा, विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत को प्रमुखता दी जाएगी।
17 अक्टूबर को बड़ा समागम
अभियान का समापन 17 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘जनसेवक महाकुंभ : पंचायत से पार्लियामेंट तक’ से होगा। भाजपा के अनुसार, इसमें पंचायत स्तर से लेकर संसद तक के लगभग 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों को एक मंच पर लाने की तैयारी है। कार्यक्रम में सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन भी प्रस्तावित है। भाजपा ने दावा किया है कि इस आयोजन के दौरान गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम की मौजूदगी रहेगी। पार्टी का कहना है कि पूरे अभियान के जरिए सेवा गतिविधियों, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों को एक व्यापक कार्यक्रम श्रृंखला से जोड़ा जाएगा।

Share This Article