NEWS PR डेस्क : बिहार की राजधानी पटना में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में परिवहन विभाग के प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई की है। EOU की टीम ने 30 सितंबर को पटना और आरा स्थित उनके ठिकानों पर तलाशी ली। जांच एजेंसी के अनुसार, शुरुआती जांच में उनकी ज्ञात वैध आय से करीब 1 करोड़ 49 लाख 58 हजार 500 रुपये अधिक संपत्ति होने के संकेत मिले हैं। यह राशि ज्ञात आय से करीब 148.10 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
तलाशी के दौरान आरा स्थित पैतृक आवास से करीब 3 लाख रुपये नकद और एक इलेक्ट्रिक टाटा टियागो कार मिली। इसके अलावा पटना, आरा और छपरा में अमित कुमार गुप्ता और उनके परिवार के नाम पर खरीदी गई 11 जमीनों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए।
EOU के मुताबिक, आरा के अवधपुरी में G+3 मकान, पकड़ी में करीब 5.1 डिसमिल जमीन पर बन रहे मकान और पटना के साई वरदान सिटी स्थित फ्लैट से संबंधित कागजात भी मिले हैं। नोएडा और नई दिल्ली की कंपनियों से जुड़े निवेश के दस्तावेज भी जांच टीम को मिले।
15 बैंक खातों की जानकारी मिली
तलाशी में अलग-अलग बैंकों के 15 खातों की पासबुक और चेकबुक की प्रतियां मिली हैं। EOU के अनुसार, इन खातों में मौजूद राशि को फिलहाल फ्रीज कराया गया है। एक बैंक लॉकर की जानकारी भी मिली है, जिसकी तलाशी अभी बाकी है।
जांच में शेयर और म्यूचुअल फंड में 30 लाख रुपये से अधिक के निवेश तथा LIC की सात पॉलिसियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। आभूषण खरीद की रसीदें भी जांच के दौरान बरामद हुई हैं।
EOU के अनुसार, अमित कुमार गुप्ता की नियुक्ति 2013 में परिवहन विभाग में हुई थी। जांच एजेंसी अब बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों का विश्लेषण कर रही है। EOU का कहना है कि जांच पूरी होने पर आय से अधिक संपत्ति की रकम बढ़ सकती है।