पटना के Ishan International Girls School में डांडिया की धूम, नन्हीं बच्चियों ने नवदुर्गा के स्वरूप में मोहा सबका मन

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : पटना। शारदीय नवरात्र की भक्ति, आस्था और उल्लास से सराबोर पटना के Ishan International Girls School में डांडिया महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों, डांडिया की थाप और मां दुर्गा के जयकारों के बीच पूरा विद्यालय उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। इस खास मौके पर स्कूल के बच्चों और शिक्षकों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और मनमोहक दृश्य तब देखने को मिला, जब स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चे मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों में नजर आए। खासकर नवदुर्गा के रूप में सजी छोटी-छोटी बच्चियों ने अपनी मासूमियत और आकर्षक वेशभूषा से सभी का दिल जीत लिया। उनके मनमोहक रूप को देखकर ऐसा लग रहा था, मानो साक्षात मां दुर्गा विद्यालय परिसर में विराजमान हों। बच्चों की प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को भक्तिमय और आनंदमय बना दिया।

प्रधानाचार्य शिल्पी श्रीवास्तव ने अभिभावकों को बताया विद्यालय की रीढ़
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य शिल्पी श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में शामिल सभी अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “पैरेंट्स हमारे बैकबोन हैं।” यानी अभिभावक विद्यालय की सबसे बड़ी ताकत हैं। बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनकी सफलता में अभिभावकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।
उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया और कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को भारतीय परंपराओं, संस्कृति और त्योहारों से जोड़ने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और आपसी सहयोग की भावना भी विकसित करते हैं।

पारंपरिक परिधान में छाईं कक्षा छह की छात्रा श्रीनिका श्रीवास्तव
डांडिया महोत्सव में कक्षा छह की छात्रा श्रीनिका श्रीवास्तव भी पारंपरिक परिधान में बेहद खूबसूरत नजर आईं। उनके आकर्षक अंदाज और उत्साह ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ा दी। डांडिया में नृत्य करने के अपने अनुभव को साझा करते हुए श्रीनिका ने बताया कि उन्हें डांडिया में डांस करके बहुत अच्छा लग रहा है और इस कार्यक्रम में भाग लेकर वह काफी खुश हैं।

भारतीय संस्कृति और परंपरा का दिखा खूबसूरत संगम
Ishan International Girls School में आयोजित यह डांडिया महोत्सव केवल नृत्य और मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक विरासत की खूबसूरत झलक भी प्रस्तुत की। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों, शिक्षकों के सहयोग और अभिभावकों की भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया।
विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी बच्चों के व्यक्तित्व विकास और भारतीय संस्कारों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं।

Share This Article