आरा में पूर्व कस्टम अधिकारी की हत्या पर बवाल, 4 घंटे से सड़क जाम; टेंट लगाकर धरने पर बैठे लोग, DM-SP और CM को बुलाने की मांग !

Muskan Gupta

भोजपुर जिला मुख्यालय आरा में पूर्व कस्टम अधिकारी और बिहार प्रदेश क्षत्रिय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह की हत्या के बाद लोगों का आक्रोश सड़क पर दिख रहा है। हत्या के विरोध में आक्रोशित लोगों ने आरा-पटना बाईपास पर सपना सिनेमा मोड़ के पास शव रखकर सड़क जाम कर दिया है। तीन घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी जाम नहीं हटा है। प्रदर्शनकारी सड़क पर टेंट लगाकर धरने पर बैठे हैं।


जानकारी के अनुसार, रामकुमार सिंह गुरुवार की सुबह अपने बेटे के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें आठ गोलियां मारकर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।


हत्या से नाराज लोग घटनास्थल पर वरीय अधिकारियों और मुख्यमंत्री को बुलाने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी डीएम और एसपी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन लोगों को समझाकर जाम हटवाने का प्रयास कर रहा है।


तीन घंटे से अधिक समय से सड़क जाम रहने के कारण आरा-पटना बाईपास के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बिहार के आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट ;-

Share This Article