NEWS PR डेस्क: बिहार की राजनीति में मोकामा के जदयू विधायक अनंत सिंह के एक बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समर्थन में कुर्बानी देने की बात कहने वाले अनंत सिंह ने पहले दावा किया कि उन्होंने नीतीश कुमार के लिए नौ हत्याएं करवाई थीं। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि लालू यादव की सरकार के दौरान उनके नौ आदमी मारे गए थे, क्योंकि वह नीतीश कुमार के साथ खड़े थे।
अनंत सिंह के इस बयान पर केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के संरक्षक जीतन राम मांझी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। मांझी ने कहा कि अनंत सिंह ने नौ, दस या पच्चीस हत्याएं की हैं, यह उनका मामला है, लेकिन हत्या करना गलत है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस मामले में कार्रवाई निश्चित रूप से होनी चाहिए।वहीं, जनता दल यूनाइटेड के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि अनंत सिंह का बयान सामने आया है और उसके बाद उनकी सफाई भी आई है। पार्टी पूरे मामले पर नजर रख रही है और सभी बातों को संज्ञान में लिया जा रहा है।
दरअसल, अनंत सिंह ने दावा किया था कि जब नीतीश कुमार की राजनीतिक स्थिति मजबूत नहीं थी और वह राजनीतिक संघर्ष के दौर से गुजर रहे थे, तब भी अनंत सिंह उनके साथ खड़े रहे। उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी के लिए कुर्बानी दी है और उनके जैसी कुर्बानी कोई दूसरा नहीं दे सकता।
हालांकि, बाद में उन्होंने अपने बयान का अर्थ स्पष्ट करते हुए कहा कि लालू यादव की सरकार के दौरान उनके नौ समर्थक मारे गए थे और इसकी वजह नीतीश कुमार के प्रति उनका राजनीतिक समर्थन था।
इस पूरे विवाद ने बिहार की सियासत में एक नई बहस छेड़ दी है। यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब बिहार में विधान परिषद की आठ स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं।