बोधगया में पूजा-पाठ की व्यवस्था बहाल करने की मांग तेज, BTMC गठन में देरी पर सरकार को घेरा; उठे सवाल !

Muskan Gupta

गया राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के जहानाबाद सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान बोधगया के विधायक कुमार सर्वजीत भी मौजूद रहे। प्रेस वार्ता में नेताओं ने बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर की व्यवस्था, बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति (बीटीएमसी) के गठन में देरी और बिहार सरकार की कार्यशैली को लेकर सवाल उठाए।

सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव और विधायक कुमार सर्वजीत ने बोधगया में पहले से चली आ रही पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों की व्यवस्था बहाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बोधगया पूरी दुनिया में शांति, साधना और आध्यात्मिकता के केंद्र के रूप में प्रसिद्ध है। यहां देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक भगवान बुद्ध के दर्शन तथा शांति का संदेश प्राप्त करने आते हैं। ऐसे में धार्मिक परंपराओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ध्यान रखना जरूरी है।

बीटीएमसी के गठन में देरी पर उठाए सवाल,

विधायक कुमार सर्वजीत ने आरोप लगाया कि बीटीएमसी के सदस्यों और सचिव की नियुक्ति पिछले चार-पांच महीनों से लंबित है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1949 में बीटीएमसी एक्ट बनने के बाद पहली बार इतनी लंबी देरी देखने को मिल रही है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि समिति का गठन अब तक क्यों नहीं किया गया। साथ ही, मंदिर परिसर में पुलिस बल की तैनाती और व्यवस्थाओं को लेकर भी नाराजगी जताई।

बिहार सरकार की आर्थिक स्थिति पर हमला,

प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक ने बिहार सरकार की आर्थिक स्थिति पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने 10 हजार रुपये बांटकर सत्ता हासिल की और अब विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि नहीं बची है। उन्होंने राज्य के राजस्व, वेतन भुगतान और केंद्र से मिलने वाली राशि का हवाला देते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। गांवों में सोलर लाइट लगाने की योजना को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा।

नेताओं ने मांग की कि बोधगया में पूजा-पाठ की व्यवस्था बहाल करने के साथ बीटीएमसी का गठन जल्द किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा मिले और बोधगया की अंतरराष्ट्रीय छवि एवं गरिमा बनी रहे।

गया से आशीष कुमार रिपोर्ट ;-

Share This Article