पटना में दिल दहला देने वाली वारदात, मंदिर में मिला मासूम का सिर; बड़ा भाई गिरफ्तार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : पटना के पालीगंज अनुमंडल से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। रानीतालाब थाना क्षेत्र के जीतन छपरा गांव में डेढ़ साल के मासूम की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। शनिवार को गांव के दुर्गा मंदिर में बच्चे का सिर मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में बच्चे के 22 वर्षीय बड़े भाई अजीत कुमार उर्फ बाला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, जबकि घटना के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

दुर्गा मंदिर में मिला मासूम का सिर, गांव में मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, जीतन छपरा गांव निवासी रंजू यादव के डेढ़ साल के सबसे छोटे बेटे की हत्या का आरोप उसके बड़े भाई अजीत कुमार उर्फ बाला पर लगा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी को पिछले कई महीनों से नशे का आदी बताया जा रहा है। हालांकि, हत्या के पीछे नशे की भूमिका या किसी अन्य कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आरोप है कि शनिवार को अजीत अपने छोटे भाई को गोद में लेकर घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित दुर्गा मंदिर पहुंचा। वहां कथित तौर पर धारदार हथियार से बच्चे की गर्दन काटकर हत्या कर दी। इसके बाद बच्चे का सिर मंदिर में छोड़कर वह मौके से फरार हो गया।
मंदिर में बच्चे का सिर मिलने की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर बच्चे के माता-पिता भी घटनास्थल पर पहुंचे। मासूम की हालत देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने आरोपी भाई को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही रानीतालाब थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अजीत कुमार उर्फ बाला को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाले हथियार की बरामदगी की भी जानकारी सामने आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पालीगंज डीएसपी-2 पंकज शर्मा के निर्देश पर पटना से फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की।
एफएसएल टीम जुटा रही साक्ष्य, हत्या की वजह अब भी स्पष्ट नहीं
पालीगंज डीएसपी-2 पंकज शर्मा ने फोन पर घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्थानीय लोगों से जीतन छपरा गांव के दुर्गा मंदिर में बच्चे का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आरोपी भाई को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है तथा घटनास्थल की जांच एफएसएल टीम से कराई जा रही है।
वहीं, रानीतालाब की प्रभारी थानाध्यक्ष प्रतीक्षा ने फोन पर बताया कि बड़े भाई ने कथित तौर पर धारदार हथियार से मंदिर में ही अपने छोटे भाई की गला काटकर हत्या की।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही वारदात की परिस्थितियों और इसके पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी। पटना से पशुपति नाथ शर्मा की रिपोर्ट।

Share This Article