NEWS PR डेस्क : बिहार की राजनीति में जनता दल (यूनाइटेड) ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है। पार्टी ने मोकामा के विधायक अनंत कुमार सिंह को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। साथ ही, पूर्व विधायक नीलम देवी की प्राथमिक सदस्यता भी रद्द करते हुए उन्हें छह साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया गया है। पार्टी की ओर से जारी कार्यालय आदेश में दोनों के खिलाफ दलविरोधी गतिविधियों का आरोप लगाया गया है।

अनंत सिंह पर पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की ओर से जारी आदेश के अनुसार, अनंत कुमार सिंह पर पिछले कुछ दिनों से पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करने, शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने और हाल में संपन्न विधान परिषद चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार के विरुद्ध काम करने का आरोप है।
आदेश में कहा गया है कि अनंत सिंह ने दूसरे दल के उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार किया। इन्हीं कारणों का हवाला देते हुए उनकी प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई और उन्हें छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित करने का निर्णय लिया गया।
विधानसभा सदस्यता रद्द करने की भी अनुशंसा
जदयू ने अपने आदेश में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष से भारतीय संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की अनुशंसा भी की है।