पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे एक चौकीदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान कटेसर गांव निवासी नागेंद्र पासवान के रूप में हुई है। उनकी मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं, पुलिस सड़क हादसे और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
नागेंद्र पासवान शनिवार की रात रोज की तरह बिहटा थाना से ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान देर रात कटेसर-जमुनापुर बांध के पास सड़क किनारे ग्रामीणों ने उन्हें अचेत अवस्था में पड़ा देखा। घटनास्थल के पास उनकी क्षतिग्रस्त बाइक भी पड़ी हुई थी। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें बिहटा स्थित ईएसआईसी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बिहटा-सिकंदरपुर-कटेसर मार्ग पर चौकीदार का शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी मच गई। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
इधर, मृतक की पत्नी सुधा देवी और भाई अमरजीत ने नागेंद्र पासवान की मौत को सामान्य सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि उनकी मौत के पीछे साजिश हो सकती है।
इस संबंध में बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिएदानापुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सड़क दुर्घटना और हत्या, दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बिहटा से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट ;-